आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। पंजाब पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पैसे नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या करने की धमकी दी है।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली की तिलक नगर विधानसभा सीट से विधायक जरनैल सिंह को एक धमकी भरा फोन कॉल और व्हाट्सऐप संदेश मिला था। इसमें आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और अरविंद केजरीवाल से 7 करोड़ रुपये देने की मांग की।
विधायक की शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।
कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन की जांच कर रही पुलिस
पुलिस आरोपी की पहचान करने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, आईपी लॉग और लोकेशन डेटा की जांच कर रही है। विधायक जरनैल सिंह ने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी
इस बीच पंजाब पुलिस और एजीटीएफ ने गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ राज्यभर में अभियान चलाते हुए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 406 जगहों पर रेड की गई और 87 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा दो घोषित अपराधियों को भी पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल 83,529 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस ने कहा कि गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने और पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।
अमेरिका में पकड़ा गया लॉरेंस गैंग का ऑपरेटिव हैरी बॉक्सर
इससे पहले 7 नवंबर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य हैरी बॉक्सर उर्फ हरिचंद जाट को अमेरिकी अधिकारियों ने कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ से मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बंसूर क्षेत्र का रहने वाला हैरी बॉक्सर विदेश से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के रंगदारी नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका निभाता था। बताया जाता है कि जयपुर में बॉक्सिंग सीखने के बाद उसे हैरी बॉक्सर नाम मिला। शुरुआत में वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और बॉक्सिंग कोच के रूप में भी काम कर चुका है। बाद में उसका नाम आपराधिक गतिविधियों से जुड़ गया। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, गोलीबारी और कारोबारियों को रंगदारी के लिए धमकाने समेत कई मामले दर्ज हैं। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कई आपराधिक मामलों में भी उसका नाम सामने आ चुका है।