Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

दिल्ली रेलवे यार्ड में 1286 किलो संदिग्ध मांस जब्त, हैदराबाद से ट्रेन के जरिए पहुंचा था माल

दिल्ली में रेलवे पुलिस ने करीब 1,286.35 किलो संदिग्ध मांस जब्त किया है। यह मांस हैदराबाद से ट्रेन के जरिए दिल्ली के न्यू वाशिंग लाइन (NZM) रेलवे यार्ड पहुंचाया गया था। अधिकारियों को आशंका है कि मांस गोमांस (बीफ) हो सकता है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

रेलवे डीसीपी यूनिट की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 9 बजे बड़ौदा हाउस स्थित रेलवे विजिलेंस यूनिट से ट्रेन के जरिए कथित तौर पर बीफ भेजे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जांच अधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे।

मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और पशु चिकित्सक को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से मांस के नमूने एकत्र किए और ई-साक्ष्य सहित जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

पुलिस के अनुसार, कुल 20 थर्माकोल के डिब्बों में यह मांस भेजा गया था। ये डिब्बे हैदराबाद से आने वाली दक्षिण एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली पहुंचे थे। रेलवे में इन पैकेटों की बुकिंग 'मटन' और 'मीट' के नाम से कराई गई थी।

मौके पर सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीमें तैनात हैं। नमूने एकत्र करने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत मांस के निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।

इस बीच, भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने भी अनधिकृत ई-कैटरिंग वेबसाइटों और मोबाइल ऐप के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। शनिवार को शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य रेलवे नेटवर्क में बिना अनुमति के खाने की डिलीवरी करने वाली सेवाओं पर रोक लगाना है।

IRCTC ने कहा कि यात्रियों की सेहत, सुरक्षा, गोपनीयता और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है। निगम ने चेतावनी जारी करने के बजाय नियमों का उल्लंघन करने वाली संस्थाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

IRCTC ने यात्रियों से ट्रेन में खाना बुक करने के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट, 'फूड ऑन ट्रैक' मोबाइल ऐप या IRCTC से अधिकृत ई-कैटरिंग सेवा प्रदाताओं का इस्तेमाल करने की अपील की है।