Breaking News

होर्मुज अब अमेरिका का नया इलाका: राष्ट्रपति ट्रंप     |   सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की फांसी देकर मौत की सजा के खिलाफ दायर PIL     |   विनोद तावड़े को यूपी बीजेपी की कमान, सतीश पूनिया पंजाब के बने प्रभारी     |   CM योगी का विपक्ष पर निशाना, बोले- ये पैसा लूटते थे और विदेश में जमा करवाते थे     |   यूपी ATS का बड़ा एक्शन, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा एक संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार     |  

प्राइम वीडियो की नई म्यूजिकल ड्रामेडी ‘Bandwale’ का ट्रेलर रिलीज

प्राइम वीडियो ने अपनी नई म्यूजिकल ड्रामेडी सीरीज ‘बैंडवाले’ का ऑफिशियल ट्रेलर जारी कर दिया है। इस सीरीज में शालिनी पांडे और जहान कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा स्वानंद किरकिरे, संजना दीपु, आशीष विद्यार्थी और अनुपमा कुमार भी अहम किरदारों में हैं। यह सीरीज 13 फरवरी को एक्सक्लूसिव तौर पर प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।

सीरीज की कहानी रतलाम की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां सादगी और रंगीन माहौल के बीच एक भावनात्मक सफर दिखाया गया है। कहानी के केंद्र में मरियम नाम की एक युवा कवयित्री है, जो अपनी कविताएं गुमनाम तरीके से ऑनलाइन साझा करती है। वह अपनी पहचान, आजादी और अपने अस्तित्व से जुड़े सवालों से जूझ रही है। कविता उसके लिए खुद को व्यक्त करने का सबसे सच्चा माध्यम बन जाती है।

सीरीज में संगीत अहम भूमिका निभाता है। इसमें यशराज मुखाते ने ओरिजिनल म्यूजिक कंपोज किया है, जो उनकी किसी लंबी सीरीज के लिए पहली कंपोजिशन है। वहीं, काउसर मुनीर की लिखी कविताएं कहानी को और गहराई देती हैं। यहां संगीत सिर्फ बैकग्राउंड नहीं, बल्कि कहानी को आगे बढ़ाने वाली ताकत है।

मरियम की जिंदगी में रोबो और डीजे साइको की एंट्री होती है। दोनों अपने-अपने सपनों और उलझनों से जूझ रहे हैं। तीनों मिलकर संगीत, हंसी और सपनों से भरी एक नई दुनिया बनाते हैं। ट्रेलर में उनकी दोस्ती, रचनात्मकता और कला के जरिए बदलाव की उम्मीद को दिखाया गया है।

अपने किरदार के बारे में जहान कपूर ने कहा कि डीजे साइको एक रहस्यमयी शख्स है, जो रतलाम में अलग-अलग काम करता है और अपनी भावनाओं को संगीत के जरिए व्यक्त करता है। वहीं शालिनी पांडे ने बताया कि मरियम का किरदार निभाना उनके लिए बेहद व्यक्तिगत अनुभव रहा, क्योंकि यह चुप्पी, संयम और अपनी आवाज खोजने की हिम्मत की कहानी है।

‘बैंडवाले’ को अंकुर तेवारी और स्वानंद किरकिरे ने लिखा और क्रिएट किया है। निर्देशन अक्षत वर्मा और अंकुर तेवारी ने किया है, जबकि प्रोडक्शन OML एंटरटेनमेंट ने संभाला है।

संगीत, कविता और भावनात्मक कहानी के संगम के साथ यह सीरीज एक खास कमिंग-ऑफ-एज अनुभव देने का वादा करती है।