Breaking News

भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात     |   IRGC लंबे समय से दुनिया भर में आतंकवाद की घटनाओं को अंजाम दे रहा है: रुबियो     |   मुंबई में वडाला RTO के पास दो BEST बसें और तीन कारें आपस में टकराईं     |   ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी     |   राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल से ईरान पर की चर्चा     |  

दिवाली पर Divyanka Tripathi की बिल्डिंग में लगी आग, सिक्योरिटी गार्ड की मौत से टूटा एक्ट्रेस का दिल

टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया के लिए दिवाली से ठीक पहले की रात बेहद दर्दनाक साबित हुई। उनके रिहायशी बिल्डिंग में अचानक आग लग गई। इस हादसे में बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड धनपत की मौत हो गई। इस घटना ने दिव्यांका और विवेक को अंदर तक झकझोर दिया है।

दिव्यांका त्रिपाठी ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर हादसे की पूरी जानकारी दी। उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड धनपत को याद करते हुए भावुक संदेश लिखा। एक्ट्रेस ने उन्हें प्यार से 'धनपत अंकल' कहकर संबोधित किया।

दिव्यांका ने बताया कि दिवाली से एक रात पहले और विवेक के जन्मदिन की शाम उनके घर में आग लग गई थी। उस दिन दोनों बाहर जाने वाले थे, लेकिन किसी वजह से उनके प्लान में लगातार देरी होती रही। इसी कारण वे घर पर मौजूद थे और समय रहते आग का पता चल गया। इसके बाद उन्होंने अपने बच्चों, परिवार और स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकलकर जान बचाई।

एक्ट्रेस ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि इस हादसे में केवल घर और बिल्डिंग को नुकसान हुआ है। लेकिन जब उन्हें धनपत अंकल की मौत की खबर मिली तो उनके और विवेक के लिए इस बात पर यकीन करना मुश्किल हो गया। दोनों एक दोस्त के घर पर रुके थे और लगातार यही उम्मीद कर रहे थे कि शायद यह खबर सच न हो।

दिव्यांका ने बताया कि दिवाली के दिन धीरे-धीरे बिजली की सप्लाई बहाल हुई। सुरक्षा जांच के बाद अगले दिन गैस सप्लाई और लिफ्ट भी शुरू कर दी गईं, लेकिन इसके बावजूद जिंदगी पहले जैसी नहीं रही। दिव्यांका ने धनपत अंकल का एक पुराना वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह उनके जुड़वां बच्चों को पहली बार घर लाने पर आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा कि जब वे अपने बच्चों को पहली बार घर लेकर आए थे, तब उन्हें स्वागत करने और आशीर्वाद देने वाले शुरुआती लोगों में धनपत अंकल भी शामिल थे।

एक्ट्रेस ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि धनपत अंकल को उनके बच्चों को बड़ा होते देखने का मौका नहीं मिलेगा। वह केवल बिल्डिंग के गार्ड नहीं थे, बल्कि उनके परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा थे। उनके जाने से घर में ऐसी कमी आ गई है, जिसे कोई रोशनी दूर नहीं कर सकती।

दिव्यांका ने आगे कहा कि जब उनके बेटे बड़े होंगे तो वह उन्हें उस दयालु इंसान के बारे में जरूर बताएंगी, जिसने घर आने पर उन्हें आशीर्वाद दिया था और उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रहा था। उन्होंने कहा कि हमें कभी भी अपने आसपास मौजूद लोगों की अहमियत को हल्के में नहीं लेना चाहिए।अंत में दिव्यांका ने धनपत अंकल को याद करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और कहा कि वह उन्हें हमेशा याद करेंगी।