एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु इन दिनों अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपने होने वाले पहले बच्चे के स्वागत की तैयारियों के बीच पारंपरिक बेबी शावर सेरेमनी की कुछ प्यारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। तस्वीरों में सामंथा ट्रेडिशनल लुक में नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में फिल्ममेकर राज निदिमोरू भी उनके साथ दिखाई दे रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करते हुए सामंथा ने भारतीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के प्रति अपने सम्मान के बारे में बात की। उन्होंने लिखा कि वह हर रस्म के पीछे का अर्थ पूरी तरह नहीं समझतीं, लेकिन हमेशा मानती रही हैं कि मंत्रों की ध्वनि, मंत्रोच्चार से पैदा होने वाली ऊर्जा और पीढ़ियों से चली आ रही प्राचीन परंपराओं के पीछे कुछ गहरा अर्थ जरूर है।
सामंथा ने बताया कि समारोह कराने वाले पुजारी श्रीविद्या उपासक थे। उन्होंने एक-एक रस्म के बारे में उन्हें समझाया और उसके पीछे छिपे अर्थ के बारे में बताया। एक्ट्रेस के मुताबिक, इसके बाद उन्हें धीरे-धीरे समझ आया कि यह समारोह कितना सोच-समझकर और अर्थपूर्ण तरीके से तैयार किया गया था। उन्होंने बताया कि हर मंत्र का अपना उद्देश्य था, हर अर्पण का एक अर्थ था और समारोह में किए गए हर कदम की अपनी खास जगह थी। उन्होंने यह भी बताया कि पवित्र जल और मंत्रों के जरिए शरीर के ऊर्जा केंद्रों को शुद्ध और ऊर्जावान करने की धार्मिक प्रक्रिया की गई।
सामंथा ने इसी साल जून में हैदराबाद में अपनी फिल्म ‘Maa Inti Bangaaram’ के थैंक यू मीट के दौरान अपनी प्रेग्नेंसी की पुष्टि की थी। उन्होंने यह भी बताया था कि वह कुछ समय के लिए काम से ब्रेक लेंगी। मेटरनिटी लीव के बारे में बात करते हुए सामंथा ने मीडिया से कहा था कि एक छोटा सा ब्रेक लेने के बाद वह वापस काम पर लौटेंगी और फिलहाल इस नए दौर को लेकर काफी खुश हैं। सामंथा रुथ प्रभु और राज निदिमोरू की शादी 2025 में हुई थी। दोनों की यह दूसरी शादी है। सामंथा की पहली शादी अभिनेता नागा चैतन्य से हुई थी, जो 2017 से 2021 तक चली। वहीं, राज निदिमोरू की इससे पहले श्यामाली डे से शादी हुई थी।