Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

रणबीर कपूर और साई पल्लवी की ‘रामायण’ का गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज, 5 भाषाओं में सुनाई देगी अरिजीत-श्रेय की आवाज

नितेश तिवारी की आगामी फिल्म ‘रामायण’ का गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज हो गया है। इस गाने को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सहित पांच भाषाओं में जारी किया गया है। हिंदी वर्जन को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है।

गाने में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रहे हैं। इसके दृश्यों में दोनों के विवाह, महल में बिताए पलों और वनवास के दौरान की झलक दिखाई गई है। गाने में भगवान राम को धनुष-बाण और तलवार के साथ भी दिखाया गया है। इसके अलावा, खूबसूरत प्राकृतिक नजारों को भी शामिल किया गया है।

पांच भाषाओं में रिलीज हुआ गाना

‘मंगल रंग’ के हिंदी संस्करण को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गाया है। इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। तमिल संस्करण में अभय जोधपुरकर और सैंदवी की आवाज है। तेलुगु संस्करण राघव कौशिक और वैशाली सामंत ने गाया है। वहीं, कन्नड़ में अरमान मलिक और बेला शेंडे तथा मलयालम में नरेश अय्यर और अमृता राजन ने अपनी आवाज दी है। यह गाना यूट्यूब और अन्य म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

एआर रहमान बोले- संगीत में दिखे राम-सीता के प्रेम और भक्ति का भाव

गाने के संगीतकार एआर रहमान ने कहा कि वह संगीत के जरिए भगवान राम और माता सीता के रिश्ते में मौजूद प्रेम, पवित्रता और भक्ति को दर्शाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि रामायण पीढ़ियों से लोगों के दिलों में बसी कहानी है और इस पर संगीत तैयार करना उनके लिए खास अनुभव रहा।

रहमान के मुताबिक, वह चाहते हैं कि ‘मंगल रंग’ सुनने वाले लोग इसकी धुन में प्रेम और भक्ति की गर्माहट महसूस करें और इससे व्यक्तिगत जुड़ाव बना सकें।

अरिजीत और श्रेया ने भी साझा किया अनुभव

अरिजीत सिंह ने कहा कि एआर रहमान की धुन ने उन्हें शब्दों से परे एक ऐसे एहसास से जोड़ा, जहां प्रेम अपने सबसे पवित्र रूप में दिखाई देता है। उन्होंने रामायण को जीवन, अंतरात्मा और दुनिया से हमारे जुड़ाव को दर्शाने वाली कालजयी गाथा बताया।

वहीं, श्रेया घोषाल ने कहा कि भगवान राम और माता सीता के रिश्ते की खूबसूरती सिर्फ साथ रहने की खुशी में नहीं, बल्कि विश्वास, समझ और आपसी मजबूती में भी है। उनके मुताबिक, इस गाने को गाते समय उन्होंने इस रिश्ते की कोमलता और भावनाओं से जुड़ने की कोशिश की।

फिल्म में यश, सनी देओल और रवि दुबे भी आएंगे नजर

‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। इसे नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। ‘रामायण: पार्ट 1’ दुनियाभर में 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है, जबकि दूसरे भाग को दिवाली 2027 पर रिलीज करने की योजना है।