Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट, कोटा से गिरफ्तार 3 आरोपी मुंबई पुलिस के हवाले

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। स्थानीय अदालत ने आरोपियों को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड दी है। अब मुंबई पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर आगे की पूछताछ करेगी।

रातभर कोटा में रखे गए आरोपी

कोटा के एडिशनल एसपी सुभाष चंद्र मिश्रा ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद संबंधित अदालत में पेश किया गया था। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उन्हें मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम लंबे समय से यात्रा कर रही थी और पूछताछ में भी काफी समय लगा था। सुरक्षा कारणों से आरोपियों को रात में रवाना करने के बजाय कोटा में ही रखा गया। अब मुंबई पुलिस की मांग के अनुसार आरोपियों को ले जाने के दौरान सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।

आरोपियों को ले जाने के लिए अपनाया गया 'प्लान बी'

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने तीनों आरोपियों को मुंबई ले जाने के लिए 'प्लान बी' अपनाया। इसके तहत आरोपियों को कोटा के रेलवे कॉलोनी थाने में रातभर रखा गया। थाने के बाहर मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच और राजस्थान पुलिस की टीमें तैनात रहीं। पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। रेलवे कॉलोनी थाने के एसएचओ रामस्वरूप मीणा ने बताया कि तीनों आरोपियों को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिली है और महाराष्ट्र पुलिस उन्हें मुंबई ले जा रही है।

रविवार शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग

यह मामला रविवार शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर कथित तौर पर गोलीबारी की गई।

इस घटना में अभिनेता को सीधे गोली लगने की सूचना नहीं है, लेकिन उनके ड्राइवर को चोटें आई थीं। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई।

ट्रेन में सफर करते पकड़े गए आरोपी

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को ट्रेन में सफर करते समय पकड़ा गया था। अब मुंबई में उनसे विस्तार से पूछताछ की जाएगी, ताकि फायरिंग की वजह और मामले में उनकी कथित भूमिका का पता लगाया जा सके।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।