रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ गया है। फिल्म के मेकर्स ने इसका इंटरनेशनल ट्रेलर जारी कर दिया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में भगवान राम और रावण की दुनिया की झलक देखने को मिल रही है। ट्रेलर में फिल्म के भव्य दृश्य, एक्शन और बड़े सिनेमाई स्तर की झलक दिखाई गई है। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा की टीम ने सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर फिल्म के वैश्विक प्रचार अभियान को आगे बढ़ाया है। ट्रेलर के साथ रणबीर कपूर और यश के किरदारों के सोलो पोस्टर भी जारी किए गए हैं।
राम और रावण के रूप में दिखे रणबीर कपूर और यश
रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में धनुष से निशाना साधते नजर आ रहे हैं। पोस्टर में उनके पीछे जंगल के बीच से आती सूर्य की रोशनी दिखाई गई है। वहीं, यश रावण के रूप में युद्ध के बाद गिरे योद्धाओं के बीच बैठे नजर आते हैं। उनके हाथ में भाला है और पीछे भव्य महल दिखाई दे रहा है। उनका युद्ध से थका हुआ रूप लंका के राजा की ताकत और प्रभाव को दर्शाता है।
बेंगलुरु में खास कार्यक्रम में जारी हुआ ट्रेलर
फिल्म का इंटरनेशनल ट्रेलर बेंगलुरु में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में लॉन्च किया गया। इसे प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने आयोजित किया। इस मौके पर रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, संगीतकार एआर रहमान और निर्देशक नितेश तिवारी सहित फिल्म की टीम मौजूद रही।
फिल्म में नजर आएंगे ये सितारे
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। इसका निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने आठ बार ऑस्कर जीत चुकी कंपनी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है।
दो भागों में रिलीज होगी ‘रामायण’
‘रामायण’ को दो भागों में बनाया जा रहा है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। इसे IMAX फॉर्मेट में भी प्रदर्शित किया जाएगा। भारत के बाहर फिल्म का वितरण सोनी पिक्चर्स करेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस इसकी वितरण जिम्मेदारी संभालेगी।