Breaking News

बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली: राहुल गांधी     |   राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण खत्म, 1 घंटा 35 मिनट चला संबोधन     |   चेक बाउंस केस: दिल्ली HC के आदेश के बाद राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया     |   मेघायल कोयला खदान हादसा: अब तक 16 मजदूरों की मौत, कई अन्य के दबे होने की आशंका     |   राज्यसभा: ‘उन्होंने महात्मा गांधी का सरनेम चुराया’, PM मोदी ने राहुल पर साधा निशाना     |  

बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान का 60वां जन्मदिन, करोड़ों दिलों पर करते हैं राज

बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान शनिवार को 60 साल के हो जाएंगे, सुनहरे पर्दे पर उनका लंबा सफर कामयाबी की दास्तां बयां करता है। तीन दशक से ज्यादा लंबे फिल्मी करियर में सलमान खान ने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उन्होंने हिंदी सिनेमा में व्यावसायिक रूप से सबसे कामयाब अभिनेताओं में एक के तौर पर अपनी पहचान बनाई। उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई करती दिखीं।

रोमांटिक ड्रामा और पारिवारिक मनोरंजक फिल्मों से लेकर एक्शन ब्लॉकबस्टर और सामाजिक संदेश देने वाली फिल्मों तक, उनके फिल्मी सफर ने भारतीय सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी है। सलमान खान ने 1988 की फिल्म "बीवी हो तो ऐसी" में सहायक भूमिका निभाकर अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। इसके बाद 1989 में आई फिल्म "मैंने प्यार किया" ने उन्हें शोहरत की बुलंदी पर पहुंचा दिया। इसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ पुरुष पदार्पण के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार मिला।

1990 के दशक में उन्होंने "बागी: ए रिबेल फॉर लव", "सनम बेवफा", "साजन", "हम आपके हैं कौन..!", "अंदाज अपना-अपना", "करण अर्जुन", "जुड़वा", "बीवी नंबर 1" और "हम साथ-साथ हैं" जैसी सुपरहिट फिल्मों में दमदार अभिनय से खुद को बेहतरीन अभिनेता साबित किया।

2000 के दशक में, सलमान ने "तेरे नाम", "बागबान", "मुझसे शादी करोगी", "नो एंट्री", "पार्टनर", "वॉन्टेड" और "मैं और मिसेज खन्ना" में अभिनय के साथ बहुमुखी प्रतिभा दिखाई। 2010 के दशक में "दबंग", "एक था टाइगर", "किक", "बजरंगी भाईजान", "सुल्तान", "टाइगर जिंदा है", "भारत" और 2019 की "दबंग 3" जैसी बॉक्स-ऑफिस पर हिट फिल्मों के साथ अपने फिल्मी करियर को और ऊंची उड़ान दी।

हाल में उनकी रिलीज हुई फिल्मों में "राधे: योर मोस्ट वॉन्टेड भाई", "अंतिम: द फाइनल ट्रुथ", "किसी का भाई किसी की जान" और "टाइगर 3" शामिल हैं। सलमान खान ने अपने करियर में कई अवॉर्ड जीते हैं। फिल्मफेयर बेस्ट मेल डेब्यू के अलावा, उन्हें "तेरे नाम", "सुल्तान" और "बजरंगी भाईजान" जैसी फिल्मों के लिए कई फिल्मफेयर नॉमिनेशन मिले।

उनकी फिल्मों और अभिनय को आईफा, जी सिने, स्टारडस्ट और स्क्रीन अवॉर्ड्स में तारीफ मिली। भरपूर मनोरंजन करने वाली उनकी फिल्म "बजरंगी भाईजान" को बेस्ट पॉपुलर फिल्म का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला।

अपने अब तक के फिल्मी करियर में, सलमान खान ने कई दिग्गज अभिनेताओं के साथ काम किया। उन्होंने सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ "करण अर्जुन" और "हम तुम्हारे हैं सनम", आमिर खान के साथ "अंदाज अपना अपना", और अक्षय कुमार के साथ "मुझसे शादी करोगी" और "जान-ए-मन" जैसी फिल्मों में काम किया। वे अनिल कपूर, संजय दत्त, सनी देओल, जैकी श्रॉफ, गोविंदा और सैफ अली खान समेत 1990 के दशक के सुपरहिट सितारों के साथ फिल्मों में नजर आए।

कई अभिनेत्रियों के साथ उनकी जोड़ी फिल्म प्रेमियों को काफी पसंद आई। इनमें माधुरी दीक्षित, करिश्मा कपूर, ऐश्वर्या राय बच्चन, रानी मुखर्जी, प्रीति जिंटा, कटरीना कैफ, सोनाक्षी सिन्हा, दीपिका पादुकोण, अनुष्का शर्मा, करीना कपूर खान, प्रियंका चोपड़ा जोनास और जैकलिन फर्नांडिस शामिल हैं।

उन्होंने आयुष शर्मा, दिशा पाटनी, पूजा हेगड़े, रणदीप हुड्डा, इमरान हाशमी और रश्मिका मंधाना जैसे नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ भी काम किया। सलमान मशहूर खान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वे जाने-माने पटकथा लेखक सलीम खान और फिल्म प्रोड्यूसर सलमा खान के बेटे हैं। वे पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। इनमें एक्टर अरबाज खान और सोहेल खान, और बहनें अलवीरा अग्निहोत्री और अर्पिता खान शर्मा शामिल हैं। इस परिवार में उनकी सौतेली मां और गुजरे दौर की अभिनेत्री हेलन भी हैं।

फिल्मों के अलावा, सलमान खान को बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन के जरिये लोगों की मदद करने के लिए भी जाना जाता है। ये फाउंडेशन शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी पहलों का समर्थन करता है। सलमान खान जल्द ही अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही वॉर ड्रामा 'बैटल ऑफ गलवान' में नजर आएंगे। इसमें वेे शहीद कर्नल बी. संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं।

60 साल की उम्र में सलमान की शोहरत आसमान छू रही है और वे बॉलीवुड की अहम हस्ती बने हुए हैं। उन्हें सिर्फ बॉक्स-ऑफिस पर मिली कामयाबी की वजह से ही नहीं, बल्कि अलग-अलग पीढ़ियों के दर्शकों के बीच लगातार लोकप्रियता और उभरते हुए टैलेंट के साथ खुद को बदलने की काबिलियत के लिए भी जाना जाता है।