Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका से शिक्षकों को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देगी योगी सरकार

उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार ने नई पहल की है। समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश की ओर से शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए ‘उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ तैयार की गई है। इसके जरिए शिक्षकों को स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म, विद्यार्थियों के आकलन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जिम्मेदार उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।

इस मार्गदर्शिका का उद्देश्य शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों का सही तरीके से इस्तेमाल करना सिखाना है, ताकि वे विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार पढ़ाई को आसान और प्रभावी बना सकें। इसमें प्रशिक्षण के उद्देश्य, सत्रों का क्रम और डिजिटल उपकरणों के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी विस्तार से दी गई है।

स्मार्ट क्लासरूम और आईसीटी लैब चलाने का मिलेगा प्रशिक्षण

मार्गदर्शिका में इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (IFP), ओपीएस, यूपीएस, डेस्कटॉप, वाई-फाई राउटर, प्रिंटर और वेब कैमरा जैसे उपकरणों के संचालन की जानकारी दी गई है। शिक्षकों को उपकरणों को सही तरीके से चालू और बंद करने का क्रम भी समझाया जाएगा।

इसके अनुसार, सिस्टम चालू करते समय पहले मुख्य विद्युत स्विच, फिर यूपीएस और उसके बाद पैनल एवं ओपीएस चालू करना होगा। वहीं, सिस्टम बंद करते समय पहले सभी फाइलें और एप्लीकेशन सुरक्षित रूप से बंद करनी होंगी। इसके बाद ओपीएस, पैनल, यूपीएस और अंत में मुख्य स्विच बंद किया जाएगा। विद्यालयों में उपलब्ध सभी उपकरणों का रिकॉर्ड स्टॉक पंजिका में दर्ज करने पर भी जोर दिया गया है।

दीक्षा और पीएम ई-विद्या से मिलेगी पढ़ाई की सामग्री

शिक्षक एलएमएस और दीक्षा जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कक्षा और विषय के अनुसार पढ़ाई की सामग्री प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा पीएम ई-विद्या और खान एकेडमी के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।

मार्गदर्शिका के अनुसार, दीक्षा प्लेटफॉर्म पर कक्षा 1 से 8 तक की 82 एनर्जाइज्ड पाठ्यपुस्तकें और 16 हजार से अधिक शैक्षिक वीडियो उपलब्ध हैं। शिक्षक किताबों में दिए गए क्यूआर कोड स्कैन करके संबंधित वीडियो और गतिविधियों को कक्षा में दिखा सकेंगे।

पीएम ई-विद्या के माध्यम से टीवी, रेडियो और ऑफलाइन संसाधनों से भी पढ़ाई कराई जा सकेगी। मार्गदर्शिका में प्रत्येक कालांश में कम से कम 10 मिनट डिजिटल सामग्री के इस्तेमाल का सुझाव दिया गया है। इंटरनेट उपलब्ध नहीं होने पर पहले से डाउनलोड की गई सामग्री, दीक्षा की ऑफलाइन सामग्री और पेन ड्राइव में मौजूद संसाधनों का उपयोग किया जा सकेगा।

डिजिटल लाइब्रेरी में 5 हजार से अधिक ई-पुस्तकें

डिजिटल लाइब्रेरी में 5,000 से अधिक ई-पुस्तकों के साथ समाचार-पत्रों, पत्रिकाओं के ई-संस्करण और ऑडियो बुक की सुविधा उपलब्ध है। इसके एकेडमिक मोड से शिक्षक बच्चों की पढ़ाई का आकलन कर सकेंगे।

यदि किसी बच्चे को किसी विषय या पाठ को समझने में परेशानी हो रही है, तो शिक्षक उसकी पहचान कर सकेंगे। इसके बाद रेमेडियल कैचअप कंटेंट के जरिए बच्चे की कठिनाई दूर करने में मदद मिलेगी। इससे हर विद्यार्थी की सीखने की जरूरत पर ध्यान दिया जा सकेगा।

विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रगति की होगी डिजिटल ट्रैकिंग

मार्गदर्शिका में डिजिटल माध्यमों से विद्यार्थियों का आकलन करने और उनकी प्रगति पर नजर रखने की व्यवस्था भी बताई गई है। शिक्षक एलएमएस और दीक्षा पर उपलब्ध प्रश्नों के जरिए बच्चों का मूल्यांकन कर सकेंगे। इसके परिणाम निपुण प्लस ऐप में दर्ज किए जा सकेंगे।

यदि किसी प्रश्न का गलत उत्तर आधे से अधिक बच्चे देते हैं, तो शिक्षक को अगले कालांश में उस विषय या अवधारणा को दोबारा पढ़ाने का सुझाव दिया गया है। खान एकेडमी और एलएमएस की रिपोर्ट के जरिए विद्यार्थियों के अभ्यास और प्रगति को भी ट्रैक किया जा सकेगा।

इसके साथ ही शिक्षण में तीन चरणों वाली स्कैफोल्डिंग पद्धति अपनाने पर जोर दिया गया है। इसमें पहले शिक्षक खुद करके दिखाएंगे, फिर बच्चों के साथ मिलकर अभ्यास करेंगे और अंत में विद्यार्थियों को स्वयं काम करने का अवसर मिलेगा।

एआई के इस्तेमाल के साथ डिजिटल सुरक्षा पर भी जोर

शिक्षक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से पाठ योजना, प्रश्न, कार्यपत्रक और अलग-अलग कठिनाई स्तर की गतिविधियां तैयार कर सकेंगे। हालांकि, एआई से मिली सामग्री की तथ्यात्मक शुद्धता और पाठ्यक्रम के अनुसार होने की जांच शिक्षकों को खुद करनी होगी।

मार्गदर्शिका में विद्यार्थियों की निजी जानकारी की सुरक्षा को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों को विद्यार्थियों के नाम, फोटो, यू-डायस कोड या अन्य व्यक्तिगत और गोपनीय जानकारी किसी भी एआई प्लेटफॉर्म पर साझा नहीं करने को कहा गया है।

डिजिटल उपकरणों में खराबी आने पर शिकायत दर्ज कराने और उसे संबंधित स्तर तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी बताई गई है। इसके लिए विद्या समीक्षा केंद्र के टोल-फ्री नंबर और प्रेरणा पोर्टल के कंप्लेंट मॉड्यूल का इस्तेमाल किया जा सकता है।

डिजिटल शिक्षा को बेहतर बनाने में मिलेगी मदद

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश मोनिका रानी के अनुसार, इस मार्गदर्शिका के माध्यम से शिक्षकों को डिजिटल उपकरणों, शैक्षिक प्लेटफॉर्म, विद्यार्थियों के आकलन, उनकी प्रगति की ट्रैकिंग और एआई के जिम्मेदार उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं का प्रभावी इस्तेमाल शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक और परिणामोन्मुख बनाएगा। इससे डिजिटल संसाधनों के माध्यम से बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।