Breaking News

ओडिशा के मयूरभंज में पीएम मोदी का संबोधन     |   एक और NEET अभ्यर्थी ने की आत्महत्या, विजय नगर थाना क्षेत्र में मामला     |   पुरानी दिल्ली रेलवे पर हादसा, एक व्यक्ति की मौत     |   विजयवाड़ा में CM नायडू ने रामदेव बाबा की जमकर की तारीफ     |   डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत अमेरिका-ईरान वार्ता के लिए स्विट्जरलैंड रवाना     |  

इंदौर में NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने दी जान, पिता बोले- पेपर लीक से थी परेशान

Madhya Pradesh: इंदौर में पिछले तीन साल से नीट-यूजी की तैयारी कर रही 21 वर्षीय एक छात्रा ने एक बहुमंजिला इमारत से कथित तौर पर छलांग लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। छात्रा के चिकित्सक पिता ने दावा किया कि उनकी बेटी पिछले पांच महीने से अवसाद में थी और उसने इसी के कारण आत्महत्या की।

भंवरकुआं थाने के प्रभारी संतोष दूधी ने पीटीआई वीडियो को बताया कि अवंतिका मौर्य (21) की गुरुवार रात एक बहुमंजिला इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई। थाना प्रभारी के मुताबिक मूलत धार जिले की रहने वाली यह छात्रा इस इमारत में किराये के घर में रहती थी। उन्होंने बताया,‘‘छात्रा गुरुवार रात 11 बजे के आस-पास अचानक मोबाइल फोन पर बात करती हुई छत पर गई और एकदम नीचे गिर गई। उसके गिरने की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग उसे एक नजदीकी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मृत्यु हो गई।’’

थाना प्रभारी ने बताया कि छात्रा के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और आत्महत्या समेत तमाम पहलुओं पर उसकी मौत की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया, ‘‘छात्रा के मोबाइल फोन और कॉल डीटेल के आधार पर भी घटना की जांच की जा रही है। पता लगाया जाएगा कि जीवन के अंतिम पलों में वह किससे और किस विषय में बात कर रही थी। विस्तृत जांच के बाद किसी नतीजे पर पहुंचा जाएगा।’’

थाना प्रभारी के मुताबिक छात्रा के परिजनों का कहना है कि उसने उन्हें अपनी मानसिक परेशानी का कोई विशिष्ट कारण नहीं बताया था। उन्होंने कहा, ‘‘छात्रा ने आखिर कौन-से तनाव के कारण आत्महत्या की, यह पता लगाने के लिए हम उसके मोबाइल फोन की कॉल डीटेल खंगालेंगे और गवाहों से पूछताछ भी करेंगे।’’

छात्रा के परिजनों का कहना है कि उसकी चिकित्सक बनने की चाहत थी और पिछले तीन साल से नीट-यूजी परीक्षा में सफल नहीं हो पाने के कारण कथित तौर पर तनाव में थी। इस बारे में पूछे जाने पर थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘अभी यह बात हमारी जांच में सामने नहीं आई है। हम छात्रा के परिजनों से पूछताछ करके तसदीक करेंगे और इसके बाद किसी निर्णय पर पहुंचेंगे।’’

अवंतिका के पिता डॉ. बनसिंह मौर्य पड़ोसी खरगोन जिले के एक शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा अधिकारी हैं। उन्होंने बताया कि वह विभागीय प्रशिक्षण के लिए पिछले पांच दिन से इंदौर में ही थे और बेटी के साथ उसके घर में ठहरे थे।

नीट छात्रा के पिता के मुताबिक पिछले तीन साल से इस परीक्षा की तैयारी कर रही उनकी बेटी इमारत की पहली मंजिल पर रह रही थी, लेकिन गुरुवार रात वह संभवत: तीसरी मंजिल से नीचे गिरी। उन्होंने कहा कि राहगीरों के आवाज लगाए जाने पर वह तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बेटी को अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

नीट छात्रा के पिता ने दावा किया कि उनकी बेटी ने अवसाद के कारण आत्महत्या की। हालांकि, उन्होंने मीडिया के इस विशिष्ट सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दिया कि क्या वह नीट-यूजी परीक्षा निरस्त होने के कारण अवसाद में थी?

मौर्य ने कहा, ‘‘मेरी बेटी करीब पांच महीने से अवसाद में थी। वह अकेले रहना पसंद करती थी। उसके स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी आ गया था।’’ इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक बयान में कहा, ‘‘इंदौर में नीट की तैयारी कर रही छात्रा अवंतिका मौर्य द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर अत्यंत दुःखद और मन को विचलित करने वाली है।’’

उन्होंने नीट का प्रश्नपत्र ‘लीक’ होने के मामले में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह बीजेपी की भ्रष्ट व्यवस्था द्वारा की गई हत्या है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की। मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के कारण 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया था।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले की जांच कर रहा है। नीट की पुन:परीक्षा 21 जून (रविवार) को होने वाली है।