
स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को राजधानी दिल्ली राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष और हाथों में लहराते तिरंगों के बीच इंडिया गेट से कर्तव्य पथ तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। दिल्ली सरकार की ओर से आयोजित इस यात्रा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नबीन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की मौजूदगी में सहभागिता की।

देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में हजारों स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों, NCC कैडेट्स, NSS स्वयंसेवकों और दिल्लीवासियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा थामे युवाओं ने राष्ट्रगौरव और देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा इंडिया गेट से शुरू होकर रफी मार्ग होते हुए कर्तव्य पथ तक पहुंची। इस दौरान दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह समेत बड़ी संख्या में युवा और नागरिक मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा में स्कूली और कॉलेज विद्यार्थियों के साथ NCC कैडेट्स और NSS स्वयंसेवकों की भागीदारी खास आकर्षण रही। युवाओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। उनकी मौजूदगी ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद करने और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका का संदेश दिया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ आज जनभागीदारी का एक सशक्त अभियान बन चुका है। देश का हर वर्ग तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रगौरव की भावना के साथ इस अभियान से जुड़ रहा है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस पर अमर शहीदों को नमन करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनें और देश की एकता एवं अखंडता को और मजबूत करने का संकल्प लें।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 15 अगस्त केवल स्वतंत्रता का उत्सव नहीं, बल्कि देश की गौरवशाली यात्रा और उपलब्धियों को याद करने का भी दिन है। आजादी के बाद भारत ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विकास, विज्ञान, तकनीक, अर्थव्यवस्था, शिक्षा और बुनियादी ढांचे समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा करोड़ों देशवासियों के परिश्रम, संकल्प और सामूहिक योगदान की कहानी है। स्वतंत्रता दिवस हमें यह सोचने का अवसर देता है कि देश ने कहां से शुरुआत की थी और आज किस मुकाम तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि देश की उपलब्धियों पर गर्व करते हुए आने वाले वर्षों के लिए और बड़े संकल्प लेने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगे के रंग में रंगे और हर नागरिक के दिल में राष्ट्रगौरव की भावना दिखाई दे। उन्होंने लोगों से अपने घरों की छतों पर तिरंगा फहराने और तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने का भी आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि जब देश का हर नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराएगा, तो यह दृश्य भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देश और दुनिया तक पहुंचाएगा।
