Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

'मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व', उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर बोले राहुल गांधी

New Delhi: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में विरोध प्रदर्शन के मामले में मंगलवार को पार्टी की युवा इकाई के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण करार दिया और कहा कि सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है।" उन्होंने लिखा, "मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने ‘कम्प्रोमाइज्ड पीएम’ (समझौता कर चुके प्रधानमंत्री) के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते में देश के हितों से समझौता किया गया है और ये समझौता किसानों और कपड़ा उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा भारत के डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा।

राहुल गांधी ने कहा, "इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है।" राहुल गांधी ने कहा, "कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है, डरो मत-सच और संविधान हमारे साथ हैं।"