दिल्ली में छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर, सोमवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त संस्थाओं और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में छुट्टी घोषित की है। इसके साथ ही दिल्ली के सरकारी और निजी स्कूलों में भी इस दिन अवकाश रहेगा।
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से 9 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली के उपराज्यपाल ने प्रतिहार षष्ठी यानी सूर्य षष्ठी (छठ पूजा) के अवसर पर यह छुट्टी घोषित की है।
दिल्ली के सभी स्कूलों में भी रहेगी छुट्टी
शिक्षा निदेशालय ने 13 नवंबर को सर्कुलर जारी कर सभी सरकारी स्कूलों, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को 16 नवंबर को बंद रखने का निर्देश दिया है। यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के आधार पर जारी किया गया है।
दिल्ली हाईकोर्ट और निचली अदालतों में भी अवकाश
छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली हाईकोर्ट और उसके अधीन आने वाली अदालतें भी 16 नवंबर को बंद रहेंगी। हाईकोर्ट ने इस छुट्टी के बदले 21 नवंबर यानी तीसरे शनिवार को कार्य दिवस घोषित किया है। वहीं, अधीनस्थ अदालतों में 12 दिसंबर यानी दूसरे शनिवार को कामकाज होगा।
16 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट और निचली अदालतों में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध मामलों की सुनवाई अब 17 नवंबर को होगी। इन मामलों के साथ 17 नवंबर को पहले से सूचीबद्ध मामलों पर भी सुनवाई की जाएगी।
कपिल मिश्रा ने फैसले पर जताई खुशी
दिल्ली सरकार के कानून एवं न्याय मंत्री कपिल मिश्रा ने इस फैसले पर खुशी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि छठ पूजा के अवसर पर अब दिल्ली हाईकोर्ट और संबंधित अदालतों में भी 16 नवंबर को छुट्टी रहेगी। उन्होंने पोस्ट में 'जय छठी मैया' भी लिखा।