बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके में गुरुवार सुबह एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान प्रमोद के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 7:15 बजे एक फिटनेस सेंटर के बाहर हुई, जब प्रमोद अपने पड़ोसी के साथ जिम के बाहर टहल रहे थे। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार दो हमलावर मौके पर पहुंचे और प्रमोद पर करीब 16 राउंड फायरिंग कर दी। कई गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या के पीछे रंगदारी या पुरानी दुश्मनी का शक है। हालांकि, हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जांच जारी है।
वहीं, दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुधवार को एक 24 वर्षीय महिला ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 60 वर्षीय मामा की हत्या करने की कथित साजिश रची। पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना रोहिणी सेक्टर-3 में रोहिणी साउथ थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान राकेश खन्ना के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के साथ रहते थे।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय राकेश घर में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी बाहर गई हुई थीं। जब वह वापस लौटीं तो घर का सामान बिखरा हुआ था और राकेश बेहोशी की हालत में मिले। उनका मोबाइल फोन, नकदी और जेवरात भी गायब थे। राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि पुलिस को बुधवार शाम करीब 7:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी की बहन की बेटी यानी उनकी भांजी कथित तौर पर वारदात में शामिल थी। इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित तौर पर लूटी गई नकदी और जेवरात भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।