19 साल की केजिया लिज मेजो 'मिस यूनिवर्स इंडिया 2026' का खिताब जीतने वाली पहली मलयाली बनकर इतिहास रच चुकी हैं। जीत के बाद केरल लौटने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। मावेलिक्कारा की रहने वाली केजिया के सम्मान में 'ग्रैंड हयात कोच्चि' में खास प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। लॉ की दूसरे साल की छात्रा केजिया को जयपुर में 'द ग्लैमानंद ग्रुप' द्वारा आयोजित नेशनल फिनाले में 'मिस यूनिवर्स इंडिया 2026' का ताज पहनाया गया। उन्होंने देश भर की 52 प्रतिभागियों के बीच जीत हासिल की।
केजिया ने कहा कि वह 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी कर रही हैं, जो नवंबर में प्यूर्टो रिको में होने वाली है।
केजिया ने मिस यूनिवर्स केरल ऑर्गनाइजेशन और उसकी स्टेट डायरेक्टर अर्चना रवि को उनके मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। अर्चना मिस यूनिवर्स इंडिया 2020 में टॉप 10 फाइनलिस्ट रह चुकी हैं। उन्होंने तैयारी के दौरान केजिया को गाइड किया। केजिया ने इससे पहले 17 साल की उम्र में 'मिस टीन दिवा 2024' का खिताब जीता था और 'मिस टीन इंटरनेशनल 2025' में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए वह फर्स्ट रनर-अप रही थीं। वह 'मिस यूनिवर्स केरल' का खिताब जीतने वाली सबसे कम उम्र की विजेता भी रही हैं।