New Delhi: नेपाल की नई विदेश मंत्री आरजू देउबा राणा ने रविवार को भारत की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा शुरू की और इस दौरान वे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और सहयोग को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगी। विदेश मंत्रालय ने बयान में बताया कि एस. जयशंकर के निमंत्रण पर वे भारत आईं हैं। ये पदभार संभालने के बाद आरजू देउबा राणा की विदेश की पहली आधिकारिक यात्रा है।
इसमें कहा गया है, ‘‘इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री आरजू देउबा राणा भारत के अपने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी और नेपाल-भारत संबंधों को मजबूत करने और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए बातचीत करेंगी।’’ बयान में कहा गया है कि नेपाल और भारत के बीच आए दिन उच्च स्तरीय यात्राओं के तहत आरजी देउबा राणा की यात्रा से दोनों पड़ोसी देशों के बीच दशकों पुराने, गहरे और बहुआयामी संबंध और मजबूत होंगे।
विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत नेपाल उसका एक प्राथमिक साझेदार है। आगामी यात्रा से दोनों पक्षों को द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करने और उसमें प्रगति की समीक्षा करने का मौका मिलेगा और हमारे संबंधों को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।’’
नेपाल के संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने पहले बताया था कि नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा की पत्नी राणा की यात्रा प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद हो रही है, जिसमें विदेश मंत्री के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा का समर्थन किया गया।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री की नेपाल यात्रा के एक हफ्ते बाद आरजू देउबा राणा की भारत यात्रा हो रही है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि आरजू देउबा राणा इस यात्रा के दौरान दिल्ली में स्वास्थ्य जांच भी कराएंगी। उनका 22 अगस्त को नेपाल लौटने का कार्यक्रम है।