अमेरिकी एंटी-वायरस कंपनी क्राउडस्ट्राइक के सॉफ्टवेयर अपडेट का असर माइक्रोसॉफ्ट पर पड़ा। इसकी वजह से शुक्रवार को पूरे दिन के सिस्टम आउटेज का सामना करना पड़ा। तकनीकी समस्या को अब दुरुस्त कर लिया गया है। माइक्रोसॉफ्ट ग्लोबल आउटेज की वजह से शुक्रवार का दिन पूरी दुनिया के लिए काफी मुश्किल भरा रहा।
माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में तकनीकी खराबी आने से दुनिया भर के एयरलाइंस, टीवी टेलिकास्ट, बैंकिंग और कई कार्पोरेट कंपनियों पर असर पड़ा। दुनिया भर में एयरपोर्ट, फ्लाइट, ट्रेनें, हॉस्पिटल, बैंक, रेस्तरां, डिजिटल पेमेंट, स्टॉक एक्सचेंज, टीवी चैनल से लेकर सुपर मार्केट जैसी जरूरी सेवाएं रुक गईं। सबसे ज्यादा असर एयरपोर्ट पर देखा गया।
फिलहाल दिल्ली और मुंबई समेत तमाम एयरपोर्ट और बाकी संस्थानों में सब कुछ सामान्य हो गया है। एयरलाइंस भी पूरी तरह रिकवर हो चुकी हैं। बाकी संस्थानों और अस्पतालों में भी सामान्य कामकाज शुरू हो गया है। मुंबई एयरपोर्ट पर सभी फ्लाइट्स समय से उड़ान भर रही हैं।
शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी खराबी की वजह से तमाम एयरपोर्ट्स पर चेक-इन सिस्टम ठप हो गए थे। इसकी वजह से चेन्नई, हैदराबाद, पटना, गोवा समेत कई एयरपोर्ट्स पर मैनुअल चेक इन शुरू हुई।अकासा एयर, स्पाइसजेट, इंडिगो, एयर इंडिया समेत तमाम एयरलाइंस के कामकाज पर असर पड़ा था।