Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

जाफराबाद डे-केयर में 3 साल के बच्चे से कथित मारपीट पर CM रेखा गुप्ता सख्त, स्कूल सील करने के आदेश

दिल्ली के जाफराबाद इलाके में निजी डे-केयर और प्ले स्कूल में तीन साल के बच्चे से कथित मारपीट के मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्कूल को सील करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि मामले में स्कूल प्रबंधन या अन्य अधिकारियों की लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ भी जिम्मेदारी तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बच्चे के परिवार को भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर दिल्ली सरकार की ओर से उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, जाफराबाद स्थित प्ले स्कूल में बच्चे के साथ कथित मारपीट के मामले में एक महिला अटेंडेंट को गिरफ्तार किया गया है। वह इसी प्ले स्कूल में काम करती थी।

पुलिस ने बताया कि मामले में एक अन्य महिला को भी जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्ले स्कूल के अंदर लगे CCTV कैमरे की फुटेज में एक महिला कथित तौर पर बच्चे के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बवाना में तीन साल की नर्सरी छात्रा के कथित यौन शोषण के मामले पर भी चिंता जताई। इस मामले में स्कूल बस चालक पर आरोप है।

सीएम ने स्कूलों को बस स्टाफ की नियुक्ति से पहले उनकी सख्त जांच और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर स्कूल प्रबंधन को भी जिम्मेदार ठहराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिल्ली-NCR में 16 वर्षीय किशोरी से चलती बस में कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पड़ोसी राज्यों को मिलकर बसों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में काम करना होगा। उन्होंने राजधानी में प्रवेश करने वाली बसों की निगरानी के लिए GPS आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम की संभावनाओं पर भी विचार करने की बात कही।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस मामले में कंडक्टर ने पहले किशोरी के साथ अश्लील हरकत की। इसके बाद चालक और कंडक्टर ने कथित तौर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक, बस ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में करीब 47 किलोमीटर का सफर तय किया। आरोपियों ने देर रात किशोरी को कश्मीरी गेट टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और बस को ट्रेस कर उसे फोरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।