Breaking News

ट्रंप G7 में UAE, कतर और मिडिल ईस्ट के अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे     |   राम मंदिर दान प्रकरण: मंडलायुक्त की अध्यक्षता में SIT गठित, 15 दिन में सौंपनी होगी रिपोर्ट     |   राम मंदिर दान प्रकरण: मंडलायुक्त की अध्यक्षता में SIT गठित, 15 दिन में सौंपनी होगी रिपोर्ट     |   अमेरिकी सेना ने ईरान के हमलावर ड्रोन मार गिराए     |   9 जुलाई को मशहद में दफनाए जाएंगे खामेनेई, 4 जुलाई से शुरू होंगे अंतिम संस्कार कार्यक्रम     |  

खराब मौसम का असर, 8 विमान लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट, लखनऊ से जाने वाली 5 फ्लाइट लेट

दिल्ली में शुक्रवार देर रात अचानक मौसम खराब होने से हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। खराब दृश्यता और प्रतिकूल मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान संचालन बाधित हो गया। इसके चलते विभिन्न शहरों से दिल्ली जा रही 8 उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया। मौसम सामान्य होने के बाद सभी विमानों को उनके गंतव्य दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

दिल्ली में देर रात मौसम बिगड़ने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने कई विमानों को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इन उड़ानों को निकटवर्ती हवाई अड्डों की ओर मोड़ा गया, जिनमें से आठ उड़ानें लखनऊ पहुंचीं। इसके अलावा आज सुबह शहर में आंधी-बारिश के चलते यहां से 5 फ्लाइट लेट उड़ान भर पाईं।

डायवर्ट की गई उड़ानों में सबसे पहले एअर इंडिया की आंध्र प्रदेश से दिल्ली जा रही उड़ान एआई-2904 रात 12 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। इसमें 156 यात्री सवार थे। मौसम सामान्य होने पर इसे रात 1:42 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इसके बाद अहमदाबाद से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-932 रात 12:18 बजे लखनऊ पहुंची, जिसमें 230 यात्री थे। यह उड़ान रात 1:52 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।

इसी क्रम में एअर इंडिया एक्सप्रेस की पटना-दिल्ली उड़ान आईएक्स-1029 रात 12:32 बजे, एयर इंडिया की उड़ीसा-दिल्ली उड़ान एआई-1847 रात 12:59 बजे और इंडिगो की मंगलौर-दिल्ली उड़ान 6ई-6457 रात 1:06 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरीं। मौसम में सुधार के बाद इन विमानों को भी दिल्ली भेजा गया।

कजाकिस्तान से दिल्ली आ रही एयर अस्ताना की उड़ान केसी-963 रात 1:12 बजे और नासिक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-6636 रात 1:20 बजे लखनऊ में उतरीं। इसके अतिरिक्त, स्पाइसजेट की पटना-दिल्ली उड़ान एसजी-2478 को भी रात 1:37 बजे लखनऊ डायवर्ट किया गया।अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया था। दिल्ली में मौसम सुधरने के बाद सभी उड़ानों का संचालन सामान्य हो गया और यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए सफलतापूर्वक रवाना कर दिया गया।

लखनऊ में आज, शनिवार सुबह आंधी-बारिश के चलते सुबह 7:35 बजे दुबई जाने वाली फ्लाइ दुबई की उड़ान (एफजेड 444) करीब 1 घंटा देरी से 8:33 बजे रवाना हुई। इसी तरह सुबह 8:15 बजे रियाद जाने वाली फ्लाइनेस की उड़ान (एक्स वाई 334) 9:05 बजे रवाना हुई। वहीं, 8:35 बजे मुंबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान ( आईएक्स 1027 ) 9:22 पर रवाना हुई। सुबह 9:10 बजे दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 2146 ) 10:00 बजे उड़ान भर सकी। सुबह 9:20 बजे कोलकाता जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 505) यहां से 10:15 बजे गई।