Breaking News

‘वोट चोरी कर सरकारें बन रही हैं, हम जल्द सबूत देेंगे’, बोले राहुल गांधी     |   महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में चुनावों में धांधली हुई है: राहुल गांधी     |   SC ने राज्यपाल की शक्तियों पर प्रेसिडेंशियल रेफरेंस को लेकर फैसला सुरक्षित रखा     |   नेपाल में अंतरिम पीएम के लिए कुलमन घिसिंग का नाम Gen-Z ग्रुप ने आगे किया     |   नेपाल: आर्मी हेडक्वार्टर के बाहर झड़प, Gen Z प्रोटेस्टर गुट आपस में भिड़े     |  

18वीं लोकसभा के पहले सत्र की शुरुआत

24 जून यानी सोमवार से 18वीं लोकसभा के पहले सत्र की शुरुआत हो रही है। सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी कैबिनेट में शामिल मंत्री बतौर सांसद शपथ लेंगे। प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब उन्हें शपथ दिलाएंगे। इसके बाद नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई जाएगी।

26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा और 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता और सात बार के सांसद भर्तृहरि महताब को संसद के निचले सदन का अस्थाई अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) नियुक्त किए जाने की वजह से लोकसभा में हंगामा होने के आसार हैं।

महताब को अस्थाई अध्यक्ष बनाए जाने की विपक्ष ने कड़ी आलोचना की है और आरोप लगाया है कि सरकार ने इस पद के लिए कांग्रेस सांसद के. सुरेश के दावे की अनदेखी की। 

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि महताब लगातार सात बार के लोकसभा सदस्य हैं, जिससे वे इस पद के लिए एकदम सही हैं। उन्होंने कहा कि सुरेश 1998 और 2004 में चुनाव हार गए थे, जिसकी वजह से उनका मौजूदा कार्यकाल निचले सदन में लगातार चौथा कार्यकाल है। इससे पहले वे 1989, 1991, 1996 और 1999 में लोकसभा के लिए चुने गए थे। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को राष्ट्रपति भवन में महताब को लोकसभा के अस्थाई अध्यक्ष के रूप में शपथ दिलाएंगी। इसके बाद महताब संसद भवन पहुंचेंगे और 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू करेंगे। 

कार्यवाही की शुरुआत में, कुछ पलों के लिए मौन रखा जाएगा। इसके बाद लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह निचले सदन के लिए निर्वाचित सदस्यों की लिस्ट सदन के पटल पर रखेंगे। 

इसके बाद, महताब लोकसभा के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदन की सदस्यता की शपथ दिलाएंगे। फिर प्रोटेम स्पीकर, राष्ट्रपति की तरफ से नियुक्त अध्यक्षों की समिति को शपथ दिलाएंगे जो 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होने तक सदन की कार्यवाही चलाने में उनकी मदद करेगी। 

राष्ट्रपति ने लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने में महताब की मदद के लिए कोडिकुन्निल सुरेश (कांग्रेस), टी. आर. बालू (डीएमके), राधा मोहन सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते (बीजेपी) और सुदीप बंदोपाध्याय (तृणमूल कांग्रेस) को नियुक्त किया है। 

अध्यक्षों की समिति के बाद प्रोटेम स्पीकर मंत्रिपरिषद के सदस्यों को लोकसभा सदस्य के तौर पर शपथ दिलाएंगे। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर 28 जून को चर्चा शुरू होगी। उम्मीद है प्रधानमंत्री मोदी दो या तीन जुलाई को चर्चा पर जवाब देंगे।