Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

दिल्ली सरकार प्रदूषण से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार, केंद्र ने ‘क्लाउड सीडिंग’ को दी मंजूरी

New Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में ‘क्लाउड सीडिंग’ (कृत्रिम बारिश) अभियान को मंजूरी दे दी है और सरकार प्रदूषण से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर को इस साल अक्टूबर और नवंबर के दौरान दिल्ली में ‘क्लाउड सीडिंग’ अभियान चलाने की अनुमति दे दी है।

चांदनी चौक में एक कार्यक्रम के दौरान ‘क्लाउड सीडिंग’ अभियान के बारे में पूछे जाने पर गुप्ता ने कहा, ‘‘हम प्रदूषण से लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सरकार लोगों को प्रदूषण से बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।’’ आम आदमी पार्टी ने ‘क्लाउड सीडिंग’ अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए वे इसका विरोध करते थे।

एएपी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में ‘क्लाउड सीडिंग’ अभियान चलाने की अनुमति के लिए कई बार केंद्र से संपर्क किया था, लेकिन उस समय केंद्र सरकार ने सौतेला व्यवहार किया और इसकी अनुमति नहीं दी।’’ उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी ये कहकर मजाक उड़ाती थी कि ‘क्लाउड सीडिंग’ संभव नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि अगर तब यह संभव नहीं था और पैसे की बर्बादी थी, तो अब यह कैसे संभव है। मैं उनसे यह भी पूछना चाहता हूं कि क्या वे अब उच्चतम न्यायालय द्वारा लगाए गए पटाखा प्रतिबंध की आलोचना करेंगे?’’

उन्होंने कहा, ‘‘कपिल मिश्रा, जो अब दिल्ली सरकार में मंत्री हैं, कहते थे कि वे पटाखे फोड़ेंगे। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि अब वे क्या करेंगे। दिल्ली की जनता बीजेपी की कथनी और करनी में अंतर देख रही है।’’