दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने हैदरपुर के नेहरू कैंप में दो नवनिर्मित शिशु वाटिकाओं, पीतमपुरा की जीपी ब्लॉक की सेवा बस्ती में नवनिर्मित जन सुविधा परिसर और शालीमार बाग स्थित एओ ब्लॉक की सेवा बस्ती में नवीनीकृत जन सुविधा परिसर का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने कस्तूरबा गांधी पॉलिटेक्निक, पीतमपुरा में अर्पण केंद्र का शुभारंभ भी किया।
इन परियोजनाओं के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर खेल और मनोरंजन का वातावरण, स्थानीय निवासियों को स्वच्छ एवं आधुनिक जन सुविधाएं तथा जरूरतमंद लोगों के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प राजधानी के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
बच्चों के लिए विकसित की गईं दो शिशु वाटिकाएं
मुख्यमंत्री ने नेहरू कैंप, हैदरपुर में रोड नंबर-26 स्थित दो नवनिर्मित शिशु वाटिकाओं का लोकार्पण किया। इन दोनों वाटिकाओं में मिट्टी भराई, घास एवं पौधारोपण, फुटपाथ निर्माण, बच्चों के लिए झूले, नए बेंच, ग्रिल और गेट पर पेंटिंग, पौधों की सिंचाई के लिए बोरवेल तथा बेहतर लाइट व्यवस्था जैसे कार्य किए गए हैं। इन वाटिकाओं के विकसित होने से क्षेत्र के बच्चों को खेलने-कूदने के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध होगा।

सेवा बस्ती में आधुनिक जन सुविधा परिसर का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा स्थित जीपी ब्लॉक की सेवा बस्ती में नए जन सुविधा परिसर का लोकार्पण किया। इस परिसर में कुल 40 शौचालय बनाए गए हैं, जिनमें 19 महिलाओं और 21 पुरुषों के लिए हैं। इसके अतिरिक्त महिलाओं के लिए छह और पुरुषों के लिए तीन स्नानघर भी उपलब्ध कराए गए हैं। इस परिसर के निर्माण से स्थानीय निवासियों को स्वच्छता और दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग की एओ ब्लॉक की सेवा बस्ती में भी 49 सीटों वाले जन सुविधा परिसर को भी जनता को समर्पित किया। इस परिसर में महिलाओं के लिए 22 और पुरुषों के लिए 27 शौचालय हैं। इसके अलावा महिलाओं के लिए चार तथा पुरुषों के लिए तीन स्नानघर की सुविधा उपलब्ध है।
कस्तूरबा पॉलिटेक्निक में अर्पण केंद्र का शुभारंभ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा स्थित कस्तूरबा गांधी पॉलिटेक्निक में अर्पण केंद्र का भी शुभारंभ किया। इस केंद्र के माध्यम से पुराने और प्रयोग में न आ रहे कपड़ों को नया जीवन देना, टेक्सटाइल वेस्ट (कपड़े का कचरा) कम करना और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का विकास केवल बड़ी परियोजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि वास्तविक विकास तब दिखाई देता है जब आम नागरिक को अपने आसपास बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित पार्क और आधुनिक जन सुविधाएं मिलती हैं। दिल्ली सरकार इसी सोच के साथ प्रत्येक विधानसभा और प्रत्येक बस्ती में नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर काम कर रही है।सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग और हर क्षेत्र तक पहुंचे।
