Breaking News

चेवेल्ला में पलटी सेना की गाड़ी, 7 जवान घायल     |   ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं: एअर इंडिया     |   PM मोदी ने बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया     |   PM मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे, ASEAN और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल     |   Microsoft Outlook ठप! दुनियाभर में हजारों यूजर्स परेशान, Microsoft 365 पर भी असर     |  

दिल्ली की वायु गुणवत्ता लगातार दूसरे दिन ‘गंभीर’, न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री दर्ज किया गया

Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण बरकरार है और हवा की गुणवत्ता बुधवार सुबह लगातार दूसरे दिन ‘‘गंभीर’’ श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 414 दर्ज किया गया। शहर में मंगलवार को इस मौसम की सबसे खराब वायु गुणवत्ता देखी गई, जब सूचकांक 423 पर पहुंच गया जो ‘‘गंभीर’’ श्रेणी में आता है।

केंद्र सरकार ने बिगड़ती वायु गुणवत्ता के मद्देनजर ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के तीसरे चरण के तहत कड़े प्रदूषण-रोधी उपाय लागू किए हैं। सीपीसीबी वर्गीकरण के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘‘अच्छा’’, 51 से 100 के बीच ‘‘संतोषजनक’’, 101 से 200 के बीच ‘‘मध्यम’’, 201 से 300 के बीच ‘‘खराब’’, 301 से 400 के बीच ‘‘बेहद खराब’’ और 401 से 500 के बीच ‘‘गंभीर’’ माना जाता है।

दिवाली के बाद से, राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता लगातार ‘‘खराब’’ या ‘‘बहुत खराब’’ श्रेणी में बनी हुई है, कभी-कभी ‘‘गंभीर’’ श्रेणी में भी पहुंच जाती है। इस बीच, पिछले सप्ताह से शहर के तापमान में गिरावट जारी है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के सामान्य तापमान से 3.1 डिग्री कम है।

मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिन में हल्का कोहरा छाए रहने का भी अनुमान जताया है।