दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को मानसरोवर गार्डन स्थित एक सर्वोदय विद्यालय में नए स्कूल भवन खंड का उद्घाटन किया और कहा कि उनकी सरकार स्कूलों में बुनियादी ढांचे और सीखने की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को मानसरोवर में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) प्रयोगशाला और दिलशाद गार्डन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार का लक्ष्य दिल्ली सरकार के अधीन स्कूलों को अभिभावकों की पहली पसंद बनाना है, जो गुणवत्ता, सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के मामले में निजी संस्थानों के बराबर या उनसे बेहतर हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में वास्तविक सफलता तब हासिल होगी, जब माता-पिता स्वयं अपने बच्चों के लिए सरकारी स्कूलों का चुनाव करेंगे।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने में 'लाडली फाउंडेशन' और 'अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन' (एआईएफ) सहित सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि ऐसी साझेदारियों के माध्यम से सरकारी स्कूलों में कुल 101 कंप्यूटर लैब स्थापित की गई हैं और अब तक 2,000 से अधिक कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि शिक्षा में सार्थक बदलाव विज्ञापनों के बजाय कक्षा और प्रयोगशालाओं में दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों में कक्षा और सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) जैसी सुविधाओं पर खर्च को प्राथमिकता दे रही है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों के बीच डिजिटल अंतर को कम करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही 7,000 स्मार्ट ब्लैकबोर्ड के लिए निविदा जारी कर दी है। सरकार की योजना अगले चार वर्षों में कक्षा 9 से 12 तक के लगभग 21,000 कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड लगाने की है जिसके साथ पांच साल के रखरखाव की गारंटी भी दी जाएगी।
शिक्षा निदेशक विदिता रेड्डी ने कहा कि मानसरोवर गार्डन में नवनिर्मित भवन से स्कूल में 29 नयी कक्षाएं जुड़ गई हैं। इससे छात्र-शिक्षक अनुपात को 55:1 से घटाकर लगभग 40:1 करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने के लिए स्कूल में एक कंप्यूटर लैब भी विकसित की जा रही है।
CM रेखा गुप्ता: सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है
You may also like
असम की नई वोटर लिस्ट से गायब हुए 2.4 लाख नाम, चुनाव आयोग ने जारी की फाइनल लिस्ट.
CM रेखा गुप्ता: सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.
16 फरवरी को राजभवन का घेराव करेगी कांग्रेस, पार्टी नेता दिखाएंगे दमखम.
कानपुर लैंबॉर्गिनी केस में नया मोड़! वकील का दावा- 'शिवम मिश्रा नहीं, ड्राइवर चला रहा था गाड़ी.