नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने वालों की सघन जांच की जा रही है और सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं। VVIP मूवमेंट के चलते राजधानी के कई हिस्सों में ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने रविवार को एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करने की अपील की है।
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए खास एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और ISBT जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है। इसके अलावा ऐसे कमर्शियल वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक लगाई गई है, जिनका गंतव्य दिल्ली नहीं है। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को खास तौर पर मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। पुलिस के मुताबिक मेट्रो सेवा पूरी तरह सामान्य है और इसमें किसी तरह की बाधा नहीं है।
सात देशों के नेताओं से मिलेंगे पीएम मोदी
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अंतिम दिन सदस्य और साझेदार देशों के नेता खुले सत्र में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। पीएम मोदी की मुलाकात दक्षिण अफ्रीका, कजाखस्तान, फिलीपींस, मिस्र, बुरुंडी, युगांडा और नाइजीरिया के नेताओं से प्रस्तावित है।
पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा से भी ब्रिक्स सम्मेलन से इतर मुलाकात करेंगे। रामफोसा शनिवार को ‘Inclusive Global Governance & Strengthening Multilateralism’ सत्र में शामिल हुए थे और उन्होंने नई दिल्ली में ‘भारत इनोवेट्स’ प्रदर्शनी का भी दौरा किया था।इससे पहले शनिवार को ब्रिक्स नेताओं ने सर्वसम्मति से न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 को मंजूरी दी थी। पीएम मोदी ने इसे ऐसे ब्रिक्स का प्रतिबिंब बताया था, जिसकी “पहुंच व्यापक और उद्देश्य मजबूत” है। इस साल के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की थीम “Building Resilience for Innovation, Cooperation, and Sustainable Development” है।