Breaking News

आंखों में डाला मिर्च पाउडर, लाठी-डंडों से की पिटाई... दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला     |   IMD ने जारी किया दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट     |   जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप, 23 घायल     |   सुबह-सुबह दिल्ली-NCR में जोरदार बारिश, जम्मू-कश्मीर में भी बरसे बादल     |   मुंबई में गणेश प्रतिमा गिरने से 2 की मौत, 5 घायल     |  

आंखों में डाला मिर्च पाउडर, लाठी-डंडों से की पिटाई... दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में तीन पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त की गई बाइक के मालिक समेत कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और ईंट व डंडों से हमला किया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में 17 साल के एक नाबालिग को पकड़ा है। वहीं, मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर की है। भलस्वा डेयरी थाने के हेड कांस्टेबल दिनेश और राजेश मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक ऐसी मोटरसाइकिल देखी, जिसके जरूरी दस्तावेज नहीं थे। पुलिस बाइक को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 66 के तहत थाने ले गई।

करीब 3:30 बजे जब दोनों पुलिसकर्मी वापस अपने बीट इलाके में पहुंचे तो बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोगों ने उन्हें रोककर बाइक जब्त करने को लेकर सवाल-जवाब शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद ईंट और लकड़ी के डंडों से उन पर हमला किया गया। अपने साथियों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल टीनू पर भी हमला किया गया।

हमले में तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में चोट आई है। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने जांच के दौरान मुख्य फरार आरोपी की पहचान सुनील उर्फ पंकज के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, वह इलाके का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दो मामले NDPS एक्ट के तहत भी दर्ज हैं। पुलिस मुख्य आरोपी और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।