मुसलमानों का पवित्र महीना रमजान आज गुरुवार से शुरू हो गया है. पीएम नरेंद्र मोदी ने रमजान के अवसर पर लोगों को मुबारकबाद दी और कहा कि यह पाक महीना समाज में एकजुटता की भावना को और मजबूत करे. लेकिन इस बीच AIMIM पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने सावन का हवाला देते हुए सरकार से मांग की है कि रोजे के दौरान दिल्ली में शराब के ठेके बंद कराए जाएं.
असदुद्दी ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर शोएब जमई ने कहा कि हमारी दिल्ली सरकार से अपील है कि रमजान के पवित्र महीने में राजधानी के अंदर शराब की सभी दुकानों को बंद किया जाए. साथ ही सार्वजनिक जगहों पर शराब की बिक्री और उसके खपत पर भी रोक लगाई जाए. शोएब जमई ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में कहा, “जब आप सावन के महीने में नॉन वेज की दुकान बंद कराकर सम्मान चाहते हैं तो हमारे पवित्र महीने में भी आपको सम्मान करना चाहिए.” दिल्ली में भी अन्य कई राज्यों की तरह सावन के महीने में नॉन वेज की दुकानें बंद रखी जाती हैं.
रमजान इस्लामी चंद्र कैलेंडर (हिजरी) का नौवां महीना है. यह चांद के दिखाई देने से शुरू होता है और पूरी दुनिया में मुसलमानों द्वारा रोजा रखने की अवधि की शुरुआत है. रमजान के दौरान मस्जिदों में शाम को एक विशेष नमाज अदा की जाती है. नमाज में कुरान का संपूर्ण पाठ किया जाता है. और ईद का चांद दिखने तक जारी रहता है.
रमजान शुरू होने के अवसर पर पीएम मोदी ने कल बुधवार को लोगों को मुबारकबाद दी और कहा कि यह पाक महीना समाज में एकजुटता की भावना को और मजबूत करे. उन्होंने अपने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “रमजान मुबारक! यह पाक महीना हमारे समाज में एकजुटता की भावना को और मजबूत करे. हर जगह शांति और समृद्धि बनी रहे.”