Breaking News

आज लोकसभा में आंध्र प्रदेश पुनर्गठन संशोधन विधेयक पेश करेंगे गृह मंत्री     |   'असम में जीत की हैट्रिक लगनी तय है', असम के धेमाजी में बोले PM मोदी     |   दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह ने गिराया इजरायली एयरफोर्स का एक ड्रोन     |   कोलकाता में सोना पप्पू के घर ED का छापा, फ्लैट देने के नाम पर गबन का आरोप     |   लास वेगास के पास अमेरिकी एयरफोर्स का F-35 विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट घायल     |  

स्पाइसजेट विमान की खिड़की का फ्रेम हवा में उखड़ा, कंपनी बोली- यात्रियों की सुरक्षा पर कोई असर नहीं

Delhi: गोवा से पुणे के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइस जेट के विमान की खिड़की का फ्रेम हवा में उखड़ गया, हालांकि यात्रियों की सुरक्षा पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। एयरलाइंस की तरफ से बुधवार को ये जानकारी दी गयी। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि अगले (पुणे) हवाई अड्डे पर विमान के उतरने के बाद मानक रखरखाव प्रक्रियाओं के अनुसार फ्रेम को ठीक कर दिया गया। स्पाइसजेट की तरफ से हालांकि और जानकारी साझा नहीं की गई।

एयरलाइन ने एक बयान में कहा, “क्यू400 विमान में से एक की ‘कॉस्मेटिक’ (आंतरिक) खिड़की का फ्रेम उड़ान के दौरान ढीला हो गया और उखड़ गया।” स्पाइसजेट ने ये भी कहा कि पूरी उड़ान के दौरान केबिन में दबाव सामान्य रहा और यात्रियों की सुरक्षा पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। उसने कहा कि जो हिस्सा उखड़ गया था, वो एक गैर-संरचनात्मक हिस्सा था, जिसे छाया के लिए खिड़की पर लगाया गया था और इससे किसी भी तरह से विमान की सुरक्षा से समझौता नहीं हुआ।

स्पाइसजेट ने कहा, “क्यू400 विमान में बहुस्तरीय खिड़कियां लगी हैं, जिनमें मजबूत, दबाव सहने वाला बाहरी शीशा भी शामिल है, जिससे ये पक्का होता है कि यात्रियों की सुरक्षा को कभी खतरा न हो, यहां तक कि सतही या कॉस्मेटिक घटक के ढीले होने की अप्रत्याशित घटना में भी।” विमान की उड़ान योग्यता पर सवाल उठाते हुए एक यात्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर विमान की उखड़ी हुई खिड़की का वीडियो पोस्ट किया।

यात्री ने पोस्ट में विमानन सुरक्षा नियामक डीजीसीए को टैग करते हुए कहा, “आज स्पाइसजेट (उड़ान) गोवा से पुणे जा रही है। विमान का पूरा आंतरिक खिड़की ढांचा बीच उड़ान में ही गिर गया। अब इस विमान को जयपुर के लिए उड़ान भरनी है। हैरानी है कि क्या ये उड़ान के लायक है?”