Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

चलती स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा के साथ गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

दिल्ली-NCR में एक 16 साल की छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में गैंगरेप का कथित मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बस करीब 47 किलोमीटर तक चली और इसके बाद आरोपियों ने छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास छोड़ दिया। घटना 4 अगस्त की रात कश्मीरी गेट इलाके में हुई। पुलिस ने इस मामले में बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली और 11वीं कक्षा की छात्रा है।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को घर में विवाद के बाद छात्रा बिना परिवार को बताए नोएडा में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकली थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह गलती से परी चौक पर उतर गई। बारिश में फंसने के बाद छात्रा ने वहां से गुजर रही एक खाली स्लीपर बस को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बस में बैठा लिया और कहा कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, बस चलने के कुछ देर बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। छात्रा के बयान के आधार पर आरोप है कि इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने देर रात छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए। डरी हुई छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को तिमारपुर के एक बस पार्किंग स्थल से गिरफ्तार किया। वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया गया है। बस की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बस में खराबी आने के बाद आरोपी उसे मरम्मत के लिए सूरजपुर की एक वर्कशॉप में ले गए थे। मरम्मत के बाद दोनों खाली बस लेकर तिमारपुर जा रहे थे, तभी परी चौक पर उन्हें छात्रा मिली। पुलिस ने बताया कि बस में पर्दे लगे हुए थे, जिसकी वजह से बाहर से अंदर का हिस्सा दिखाई नहीं देता था। परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस ने करीब 47 किलोमीटर का सफर तय किया। मामले की आगे जांच जारी है।