Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

तमिलनाडु में दूध खरीद की कीमत बढ़ी, अब 44 रुपये प्रति लीटर, चेन्नई में बिजली के लिए नए कॉरिडोर का ऐलान

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सोमवार को दूध खरीद की कीमत बढ़ाने का ऐलान किया है। अब राज्य में दूध उत्पादकों से 44 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध खरीदा जाएगा। इससे दूध की खरीद कीमत में कुल 6 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो गई है। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा तमिलनाडु विधानसभा के नियम 110 के तहत की। उन्होंने कहा कि बढ़ती लागत को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

मुख्यमंत्री विजय ने कांचीपुरम जिले के मदुरमंगलम में सेमीकंडक्टर पार्क बनाने का भी ऐलान किया है। वहीं, चेन्नई में बिजली कटौती की समस्या को कम करने के लिए 1,762 करोड़ रुपये की लागत से नया बिजली कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके अलावा 1,550 करोड़ रुपये की लागत से एक और बिजली कॉरिडोर परियोजना शुरू की जाएगी।

इससे पहले अगस्त में भी तमिलनाडु सरकार ने नियम 110 के तहत कई बड़े फैसलों की घोषणा की थी। इनमें दूध खरीद की कीमत 38 रुपये से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर करना शामिल था। इस बढ़ोतरी से सरकार पर हर महीने करीब 30 करोड़ रुपये और सालाना 360 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आने का अनुमान लगाया गया था। इस फैसले से राज्य के 3.16 लाख से ज्यादा दूध उत्पादकों को फायदा होने की उम्मीद है।

सरकार ने दूध उत्पादकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी 3 रुपये से बढ़ाकर 5 रुपये प्रति लीटर करने का ऐलान किया था। तमिलनाडु सरकार ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए 351 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके तहत कुल 6,098 नई सीटें बढ़ाई जाएंगी। इनमें 660 B.Sc. नर्सिंग सीटें, नर्सिंग कॉलेजों और स्कूलों में 1,925 सीटें, 12 पैरामेडिकल कोर्स में 2,778 सीटें और मेडिकल कोर्स में 735 सीटें शामिल हैं।

दूसरी ओर, मुंबई में भी दूध की कीमत बढ़ने वाली है। बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (BMPA) ने थोक दूध की कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। 1 सितंबर 2026 से मुंबई और आसपास के इलाकों में थोक दूध की कीमत 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। नई कीमत 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। दूध की कीमत बढ़ने से मुंबई में बेकरी, मिठाई की दुकानों और खाने-पीने की दुकानों पर भी असर पड़ सकता है। दूध महंगा होने के कारण आगे चलकर दही, पनीर और मिठाइयों के दाम भी बढ़ने की संभावना है।