गुजरात में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों, विशेषकर बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ बुधवार को बड़ा अभियान चलाया गया। अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शहर के चंडोला, गुलाबनगर और खोडियारनगर समेत कई इलाकों में देर रात व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त (JCP) शरद सिंघल ने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान 290 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। सभी से क्राइम ब्रांच द्वारा पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों से 131 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि करीब 160 अन्य संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, उनकी पहचान और दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे भारत में वैध रूप से रह रहे हैं या नहीं। इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने कहा कि राज्य का गृह विभाग अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी के तहत अहमदाबाद के अलावा सूरत, राजकोट और वडोदरा में भी विशेष अभियान चलाया गया।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस, क्राइम ब्रांच, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और अन्य एजेंसियों ने विभिन्न इलाकों में व्यापक तलाशी और जांच अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अवैध घुसपैठ और गैरकानूनी रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान को आगे भी जारी रखेगी। अधिकारियों के अनुसार, सभी संदिग्धों के दस्तावेजों और पहचान की गहन जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।