Breaking News

होर्मुज अब अमेरिका का नया इलाका: राष्ट्रपति ट्रंप     |   सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की फांसी देकर मौत की सजा के खिलाफ दायर PIL     |   विनोद तावड़े को यूपी बीजेपी की कमान, सतीश पूनिया पंजाब के बने प्रभारी     |   CM योगी का विपक्ष पर निशाना, बोले- ये पैसा लूटते थे और विदेश में जमा करवाते थे     |   यूपी ATS का बड़ा एक्शन, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा एक संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार     |  

हाथरस हादसा: मुख्य आरोपित देवप्रकाश मधुकर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत

उत्तर प्रदेश के हाथरस में दो जुलाई को सत्संग में मची भगदड़ के मामले में मुख्य आरोपित देवप्रकाश मधुकर को शनिवार को मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध संजू यादव को भी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। 

इससे पहले, हाथरस के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निपुण अग्रवाल ने कहा कि पुलिस मधुकर और बाकी संदिग्धों की रिमांड हासिल करने के लिए अदालत में आवेदन करेगी। सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) उमा शंकर यादव ने कहा, "देवप्रकाश मधुकर और संजू यादव को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां दोनों को 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।"

एपीओ ने बताया कि भगदड़ मामले में गिरफ्तार किए गए रामप्रकाश शाक्य को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा क्योंकि उसे मधुकर और यादव के बाद गिरफ्तार किया गया था। मधुकर को हाथरस पुलिस के ‘स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप’ (एसओजी) ने शुक्रवार देर रात दिल्ली के नजफगढ़ इलाके से गिरफ्तार किया था। 

पुलिस के मुताबिक, शाक्य और यादव को शनिवार को हाथरस से गिरफ्तार किया गया। हाथरस हादसे में दर्ज एफआईआर में मधुकर एकमात्र नामजद आरोपित है। सूरजपाल उर्फ नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा के सत्संग में मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत हो गई थी।