उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार की जांच अब हिमाचल प्रदेश तक पहुंच गई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की विशेष टीम और उत्तर प्रदेश STF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में चल रही एक अवैध दवा फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां नामी दवा कंपनियों के ब्रांड के नाम पर महंगी और नकली दवाएं बनाई जा रही थीं।

यह फैक्ट्री नालागढ़ के राजपुरा, खेड़ा बाईपास इलाके में संचालित हो रही थी। जांच में सामने आया कि यहां एंटीबायोटिक, न्यूरो मेडिसिन और एसिडिटी से जुड़ी दवाओं का अवैध निर्माण किया जा रहा था।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में दवाओं की जांच के दौरान नकली दवाएं मिलने के बाद इनके निर्माण की जगह का पता लगाया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त के निर्देश पर जांच आगे बढ़ाई गई। इसी कड़ी में टीम हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले तक पहुंची और फैक्ट्री पर छापेमारी की।
फैक्ट्री से मशीनें और पैकेजिंग का सामान बरामद

छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में दवाएं तैयार करने और उनकी पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें मिलीं। इनमें ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्युमिनियम-एल्युमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन और वजन मापने वाले उपकरण शामिल हैं।

इसके अलावा नामी कंपनियों के ब्रांड की पैकिंग तैयार करने के लिए प्रिंटेड फॉयल और स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण भी मिले। इन मशीनों और सामग्री की मदद से नकली दवाओं को असली कंपनियों के उत्पाद जैसा दिखाकर तैयार किया जा रहा था।
वाराणसी में पकड़ी गई थीं 17 तरह की नकली दवाएं

इस मामले की शुरुआत वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई से जुड़ी है। पिछले सप्ताह यहां छापेमारी के दौरान 17 प्रकार की नकली दवाएं बरामद की गई थीं।

इनमें PAN-D, प्रेसिज-300, न्यूरो-300, Pregabalin C-AZ, Cefixime-Azithromycin और A-Cipex-625 जैसी दवाएं शामिल थीं। A-Cipex-625 में Amoxycillin और Potassium Clavulanate का नाम भी सामने आया था।
कई राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच जारी

वाराणसी में मिली नकली दवाओं के निर्माण का पता लगाते हुए जांच एजेंसियों का सोलन तक पहुंचना इस कारोबार के दूसरे राज्यों से जुड़े नेटवर्क की ओर इशारा करता है। अब संबंधित लोगों और नकली दवाओं की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

UPFSDA की इस कार्रवाई का मकसद नकली दवाओं के निर्माण और उनकी बिक्री पर रोक लगाना है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।