छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा व बीजापुर जिले में आज सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में 9 नक्सली ढेर हुए हैं। सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों के खात्मे का अभियान अभी भी जारी है। दोनों तरफ से गोलीबारी हो रही है। सभी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
पश्चिम बस्तर डिवीजन के नक्सलियों की उपस्थिति की जानकारी मिलने पर सर्चिंग अभियान पर संयुक्त पुलिस पार्टी गई थी। इसी दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बल की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की जा रही है। सभी के शव बरामद हो गए हैं। साथ ही एसएलआर, 303 राइफल, 315 बोर बंदूक समेत भारी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि 5 से 7 किमी के जंगली इलाके में 65 नक्सलियों के छिपे होने की आशंका थी। सूचना मिलने पर दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की पुलिस ने अन्य सुरक्षाबलों के साथ मिलकर ऑपरेशन चलाया। रात में जवान मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद सुबह मुठभेड़ शुरू हुई।