Breaking News

चुनाव आयोग ने 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में तीसरे चरण के तहत SIR का आदेश जारी किया     |   दिल्ली: CM रेखा गुप्ता ने बुलाई हाई लेवल बैठक, दोपहर 3 बजे करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस     |   UP: अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह विष्ट दामाद प्रतीक यादव को मुखाग्नि देंगे     |   ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले जहाज पर हुआ हमला अस्वीकार्य: MEA प्रवक्ता     |   जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़, महिला सरगना-उसके साथी अरेस्ट     |  

IPL 2026: रन नहीं बनने से परेशान था, लेकिन दबाव ने मजबूत बनाया, नाबाद शतक के बाद बोले विराट कोहली

IPL 2026: विराट कोहली ने लगातार दो शून्य के बाद शानदार नाबाद शतक लगाकर आरसीबी को केकेआर पर छह विकेट से जीत दिलाई। मैच के बाद कोहली ने कहा कि असफलताएं बहुत जरूरी होती हैं, क्योंकि वही खिलाड़ी को वापसी का रास्ता दिखाती हैं। उन्होंने माना कि पिछले दो मैचों में रन नहीं बनने से वह परेशान थे, लेकिन दबाव ने उन्हें और मजबूत बनाया।

37 वर्षीय खिलाड़ी ने बुधवार रात को शानदार वापसी करते हुए 60 गेंद पर नाबाद 105 रन बनाए, जिससे उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराकर आईपीएल तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

विराट ने आईपीएल का रिकॉर्ड नौवां शतक लगाया और एमएस धोनी और रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर 279 मैचों के साथ आईपीएल में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी भी बन गए। यह 2024 सीज़न के बाद उनका पहला आईपीएल शतक भी था।

प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद कोहली ने कहा, "पिछले दो मैचों में मैं ज्यादा रन नहीं बना पाया था। यह बात मुझे अंदर ही अंदर खा रही थी, क्योंकि मुझे पता है कि मैं अच्छा खेल सकता हूं और गेंद को अच्छी तरह हिट कर रहा हूं।"

उन्होंने आगे कहा, "लेकिन जब आप अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा पाते और टीम पर असर नहीं डाल पाते, तो यह परेशान करता है।इतने वर्षों से मेरा लक्ष्य यही रहा है कि खुद को बेहतर बनाऊं और टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूं।"

कोहली ने कहा, "दो मैच अगर आपके मुताबिक नहीं जाते तो थोड़ी घबराहट होती है, लेकिन वही आपकी मदद भी करती है। मेहनत बहुत लगती है, मगर इससे आपका खेल ऊपर जाता है। वे असफलताएं बहुत जरूरी होती हैं, क्योंकि वही आपको वापसी की जगह देती हैं।"

उन्होंने कहा, "लोग कहते हैं दबाव एक विशेषाधिकार है, क्योंकि यह आपको विनम्र बनाए रखता है। अच्छा दबाव हमेशा आपके खेल को बेहतर करता है।"
उन्होंने माना कि शतक के बाद ज्यादा जश्न नहीं मनाया, क्योंकि टीम के लिए अंक ज्यादा महत्वपूर्ण थे। दबाव आपको विनम्र बनाए रखता है, आपको फोकस में रखता है और आपको फिर से अभ्यास में कड़ी मेहनत करने के लिए मजबूर करता है।

कोहली ने कहा, 'मुझे बल्लेबाजी से प्यार है, यही मेरी सबसे गहरी भावना है। इस स्तर पर खेलना सम्मान की बात है। मैं मैदान पर अपना दिल और जान लगा देता हूं, क्योंकि एक दिन यह सब खत्म हो जाएगा।" उन्होंने आगे कहा, "खेल आपको इंसान के रूप में बहुत कुछ सिखाता है। दबाव में प्रदर्शन करने से आपका चरित्र बनता है। इतने वर्षों बाद भी बल्ले के बीच में गेंद लगने की खुशी आज भी वैसी ही है।"

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, "बहुत अच्छा लग रहा है। टीम के हर खिलाड़ी ने अलग-अलग समय पर योगदान दिया है।हम एक समय में एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "10 ओवर के बाद जिस तरह हमने उनकी पारी पर नियंत्रण किया और उन्हें 192 पर रोका, वह हमारे लिए अच्छा संकेत है।"