Breaking News

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने UAE प्रेसिडेंट से मिडिल ईस्ट के हालात पर बात की     |   US-इजराइली अटैक में तेहरान में ईरानी डिप्लोमैटिक पुलिस सेंटर को निशाना बनाया गया     |   इजरायल ने हिजबुल्लाह के सीनियर कमांडरों और दर्जनों आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया     |   ओमान के पोर्ट सुल्तान कबूस के पास ऑयल टैंकर पर हमला, एक भारतीय की मौत     |   अमेरिका-इजरायल के हमले से किसी भी ईरानी न्यूक्लियर साइट को नुकसान नहीं: IAEA     |  

T20 WC: शाई होप ने ली हार की जिम्मेदारी, कहा- मुझे तेजी से रन बनाने चाहिए थे

T20 WC: वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टी20 विश्व कप के सुपर आठ से बाहर होने की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि वे शीर्ष क्रम में लय बनाने में नाकाम रहे जिससे उनकी टीम को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 195 रन बनाए। आखिर में उसकी टीम 20 रन से पीछे रह गई, क्योंकि होप ने 32 रन बनाने के लिए 33 गेंदें खेलीं और उनका स्ट्राइक रेट 96 से थोड़ा अधिक रहा। उन्होंने 17 डॉट गेंदें खेली जो आखिर में टीम पर भारी पड़ीं।

होप ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर आप यही चाहते हैं कि मैं ऐसा कहूं तो हां, मैं गलती स्वीकार करता हूं। मुझे और तेज बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। जब आप नेतृत्व कर रहे होते हैं तो आप आगे बढ़कर लय बनाना चाहते हैं। आज मेरे साथ ऐसा नहीं हुआ। आज मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन ऐसी परिस्थितियों में जब आप संघर्ष कर रहे होते हैं, तो हर कोई संघर्ष करता है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि मैं खराब बल्लेबाजी कर रहा था।’’

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और फिर वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर रोक लगाने की रणनीति अपनाई। पावरप्ले में अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने अपना काम बखूबी निभाते हुए होप को खुलकर नहीं खेलने दिया।

होप ने कहा, ‘‘उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की। हालांकि आप हर गेंद पर छक्का मारना चाहते हैं लेकिन ऐसा नहीं होता। आज मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। मैं सीधे फील्डरों के पास गेंद मार रहा था और फिर स्थिति को थोड़ा और समझने की कोशिश कर रहा था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं पारी में थोड़ा और देर तक बल्लेबाजी करना चाहता था और बीच में स्पिन गेंदबाजों का सामना करना चाहता था।’’ होप ने ये भी स्वीकार किया कि पावरप्ले चरण को और बेहतर तरीके से अंजाम दिया जा सकता था।

उन्होंने कहा, ‘‘हम पावरप्ले में 65-70 रन बनाना चाहते थे। हम बिना किसी विकेट के 45 रन पर थे, इसलिए हमारे पास एक मजबूत आधार था। हमारी बल्लेबाजी में जो गहराई है, उसे देखते हुए मुझे उस समय यह कोई बड़ी समस्या नहीं लगी, लेकिन हम अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए।’’

होप ने कहा कि उनकी टीम के लिए कई सकारात्मक पहलू रहे। उन्होंने कहा, ‘‘कई सकारात्मक पहलू हैं। हमारी गेंदबाजी पिछली सीरीज की तुलना में काफी बेहतर थी। खासकर पावरप्ले में हमारी गेंदबाजी शानदार रही। शिमरोन हेटमायर ने (तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए) शानदार प्रदर्शन किया, मैथ्यू फोर्डे ने नई गेंद से अच्छी जिम्मेदारी निभाई। अकील और मोती ने भी अपना योगदान दिया।’’

होप ने भी भारत के मैच विजेता संजू सैमसन की जमकर तारीफ की, जिनकी नाबाद 97 रन की पारी ने लक्ष्य का पीछा करने में अहम भूमिका निभाई। वेस्टइंडीज के कप्तान ने कहा, ‘‘उन्होंने (सैमसन) शुरू से लेकर अंत तक अच्छी बल्लेबाजी की और रन गति बनाए रखी। उन्होंने बहुत चतुराई से अपने शॉट का चयन किया। काश उन्होंने आज ऐसी पारी नहीं खेली होती।’’