टी20 विश्व कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव की टीम इंडिया में वापसी फिलहाल मुश्किल नजर आ रही है, बीसीसीआई से जुड़े सूत्रों के मुताबिक मौजूदा समय में चयनकर्ताओं की योजनाओं में सूर्यकुमार के लिए कोई जगह नहीं है। हैरानी की बात यह है कि युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी सीमित ओवरों की टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर पा रहे हैं।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2026 में लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। हालांकि, आईपीएल के बाद उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से बाहर कर दिया गया। इसके साथ ही चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंप दी। बीसीसीआई के एक सूत्र ने एएनआई को बताया कि फिलहाल सूर्यकुमार यादव चयनकर्ताओं की भविष्य की योजनाओं में शामिल नहीं हैं। सूत्र के मुताबिक, टीम के मौजूदा संयोजन में यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ी को भी मौका देना संभव नहीं हो पा रहा है।
सूत्र ने माना कि सूर्यकुमार घरेलू क्रिकेट में लगातार मेहनत कर रहे हैं और लिस्ट-ए मुकाबलों में उनका प्रदर्शन भी अच्छा रहा है। इसके बावजूद टीम में उनकी जगह बनाना फिलहाल चुनौतीपूर्ण है। चयनकर्ता मौजूदा टीम संयोजन को देखते हुए उन्हें शामिल करने पर विचार नहीं कर रहे हैं। दूसरी ओर, घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में सूर्यकुमार यादव का बल्ला जमकर रन बरसा रहा है। मुंबई की कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार ने टूर्नामेंट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है।
14 नवंबर को हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने महज 21 गेंदों में नाबाद 60 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके और पांच छक्के निकले। उन्होंने केवल 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई ने 173 रन का लक्ष्य सात विकेट से हासिल कर लिया।
इसके बाद गुजरात के खिलाफ सूर्यकुमार ने एक बार फिर गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने महज 29 गेंदों पर 82 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने नौ चौके और सात छक्के जड़े। मुंबई ने उनके दमदार प्रदर्शन के सहारे 199 रन का लक्ष्य 15.4 ओवर में ही पांच विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।
टूर्नामेंट के तीसरे मुकाबले में गोवा के खिलाफ भी सूर्यकुमार ने तेजतर्रार बल्लेबाजी की। उन्होंने 12 गेंदों पर 25 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के शामिल रहे। इस मैच में मुंबई ने 18 रन से जीत दर्ज की। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद सूर्यकुमार यादव के लिए भारतीय टीम के दरवाजे फिलहाल बंद नजर आ रहे हैं। अब देखना होगा कि उनका यह दमदार फॉर्म चयनकर्ताओं का रुख बदल पाता है या नहीं।