Share Market: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और विदेशी निवेशकों की ताजा लिवाली से घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को चढ़कर बंद हुए। अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक समाधान की उम्मीद और इजराइल-लेबनान के बीच 10 दिन के युद्धविराम से वैश्विक निवेशकों का जोखिम उठाने का रुझान बेहतर हुआ है।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 505 अंक उछलकर 78,493 पर, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 157 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और टेक महिंद्रा सबसे ज्यादा चढ़े। जबकि सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक, लार्सन एंड टुब्रो और इटरनल लिमिटेड के शेयर सबसे ज्यादा लुढ़के।
क्षेत्रीय स्तर पर एफएमसीजी, एनर्जी, मीडिया और मेटल सूचकांक सबसे ज्यादा बढ़त बनाने वाले रहे। जबकि आईटी शेयरों में सुस्ती दिखी। एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई, चीन का शंघाई कंपोजिट और हॉन्गकॉन्ग का हैंग सैंग गिरावट के साथ बंद हुए।
यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशक गुरुवार को शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 382 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर खरीदे।