Breaking News

CBI ने 'अभय' हेल्पबॉट लॉन्च किया, लोगों को साइबर क्राइम-डिजिटल अरेस्ट से बचाएगा     |   प्रतीक यादव की अस्थियां कल हरिद्वार में प्रवाहित होंगी, अखिलेश-अमन बिष्ट रहेंगे मौजूद     |   'सरकार ₹12.35/Kg की दर से प्याज खरीदेगी', पुणे में बोले कृषि मंत्री शिवराज सिंह     |   जापान में आया जोरदार भूकंप, रिक्टर स्केल 6.6 तीव्रता रही, सुनामी का अलर्ट नहीं     |   MP की धार भोजशाला मामले में हिंदू पक्षकार ने सुप्रीम कोर्ट में केविएट दाखिल की     |  

शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 617 अंक और टूटा

स्थानीय शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 617 अंक का गोता लगा गया। एनएसई निफ्टी भी 22,500 अंक के नीचे आ गया। वायदा और ऑप्शन सेगमेंट में मासिक सौदों के निपटान के बीच मुनाफावसूली से बाजार नीचे आया। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 617.30 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,885.60 अंक पर बंद हुआ। प्रमुख कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से सूचकांक कारोबार के दौरान 73,668.73 अंक के निचले स्तर पर आ गया था। 

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 216.05 अंक यानी 0.95 प्रतिशत टूटकर 22,488.65 अंक पर बंद हुआ। दोनों मानक इंडेक्स 23 मई को अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गये थे। उसके बाद निवेशकों ने चार जून को आने वाले लोकसभा चुनावों के नतीजों से पहले अनिश्चितता की स्थिति के बीच मुनाफावसूली की। उसके बाद से सेंसेक्स और निफ्टी पिछले पांच कारोबारी सत्रों में करीब दो फीसदी नीचे आ चुके हैं। 

सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, टाइटन, टेक महिंद्रा, विप्रो, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, नेस्ले इंडिया, टाटा मोटर्स और जेएसडब्ल्यू स्टील प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक शामिल हैं। 

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा जबकि अमेरिकी बाजार बुधवार को नुकसान में रहे थे। 

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 5,841.84 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.19 डॉलर प्रति बैरल रहा।सेंसेक्स बुधवार को 667.55 अंक टूटा था, जबकि निफ्टी 183.45 अंक नीचे आया था।