Breaking News

ईरान तनाव: गैर-जरूरी US डिप्लोमैट्स और परिवारों को लेबनान छोड़ने का आदेश जारी     |   'एपस्टीन फाइल्स में पीएम मोदी का नाम आना शर्म की बात', राहुल गांधी का X पोस्ट     |   झारखंड: गिरिडीह में वोटिंग के दौरान दो गुटों में झड़प, गोली लगने से दो लोग घायल     |   ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए     |   ₹1000 तक वाले निष्क्रिय खातों की रकम बिना कागजी कार्रवाई लौटेगी: EPFO     |  

अनिल अंबानी को बॉम्बे HC से झटका, बैंक खातों को 'धोखाधड़ी' कैटेगरी में डालने से रोकने वाला आदेश रद्द

Mumbai: बॉम्बे उच्च न्यायालय ने उद्योगपति अनिल अंबानी को झटका दिया और एकल पीठ के उस अंतरिम आदेश को सोमवार को रद्द कर दिया, जिसमें उनके एवं रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के बैंक खातों को ‘‘धोखाधड़ी’’ वाला वर्गीकृत करने की कार्यवाही पर रोक लगाई गई थी।

मुख्य न्यायाधीश श्री चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति गौतम अनखड़ की खंडपीठ ने सार्वजनिक क्षेत्र के तीन बैंक और लेखा परामर्श कंपनी बीडीओ इंडिया एलएलपी की, दिसंबर 2025 में पारित एकल पीठ के अंतरिम आदेश के खिलाफ दायर अपील को स्वीकार कर लिया।

खंडपीठ ने एकल पीठ के आदेश को रद्द किया और इसे ‘‘अवैध एवं विकृत’’ करार दिया। अंबानी के वकीलों ने उच्च न्यायालय से अनुरोध किया कि आदेश पर रोक लगाई जाए ताकि वे उच्चतम न्यायालय में अपील कर सकें, लेकिन अदालत ने यह मांग ठुकरा दी।

अंबानी एवं उनकी कंपनी को अंतरिम राहत देने वाले दिसंबर 2025 के आदेश को तीन बैंक ने पिछले महीने चुनौती दी थी। उस आदेश में अनिवार्य भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) नियमों के उल्लंघन का हवाला दिया गया था और कहा गया था कि बैंक वर्षों बाद ‘‘गहरी नींद से जागे’’ हैं।

एकल पीठ ने इंडियन ओवरसीज बैंक, आईडीबीआई बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा की गई वर्तमान और भावी कार्रवाई पर रोक लगा दिया था और कहा था कि यह कार्रवाई कानूनी रूप से त्रुटिपूर्ण ‘फोरेंसिक ऑडिट’ पर आधारित है और भारतीय रिजर्व बैंक के अनिवार्य दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करती है।

इन बैंक ने अपनी अपील में कहा कि जिस ‘फोरेंसिक ऑडिट’ के आधार पर खातों को ‘‘धोखाधड़ी’’ वाला वर्गीकृत किया गया, वह कानूनी रूप से वैध था और उसमें धन की हेराफेरी एवं दुरुपयोग के गंभीर परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि यह बात ऑडिट फर्म बीडीओ एलएलपी द्वारा पेश रिपोर्ट में दर्ज थी। बैंकों ने साथ ही कहा कि अंबानी ने एकल पीठ के समक्ष ‘फोरेंसिक ऑडिट’ को तकनीकी आधार पर चुनौती दी थी।

उन्होंने खंडपीठ से एकल पीठ के अंतरिम आदेश को रद्द करने का अनुरोध किया था। अंबानी ने एकल पीठ के समक्ष इंडियन ओवरसीज बैंक, आईडीबीआई बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस को चुनौती दी थी, जिनमें उनके और रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के खातों को धोखाधड़ी वाले खाते घोषित करने की मांग की गई थी।

अंतरिम राहत के रूप में उन्होंने नोटिस पर रोक और किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई पर प्रतिबंध का अनुरोध किया था। उनका तर्क था कि बीडीओ इंडिया एलएलपी, ‘फोरेंसिक ऑडिट’ करने के लिए योग्य नहीं है क्योंकि रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने वाला व्यक्ति ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट’ नहीं था।

अंबानी का दावा था कि बीडीओ इंडिया एलएलपी एक लेखा परामर्श कंपनी है, न कि ऑडिट कंपनी है। एकल पीठ ने अंबानी की दलीलों से सहमति जताते हुए बैंकों की कार्रवाई पर रोक लगा दी थी जिसे अब खंडपीठ ने रद्द कर दिया है।