भारत की मेजबानी में नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वां BRICS शिखर सम्मेलन बेहद सफल रहा। सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न सत्रों में हिस्सा लेने के साथ-साथ शुक्रवार से रविवार तक 15 द्विपक्षीय बैठकें कीं। इन बैठकों में भारत आए विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
BRICS सम्मेलन और उससे जुड़े उच्चस्तरीय कार्यक्रमों के समापन के बाद सोमवार तड़के से विदेशी नेता और वरिष्ठ अधिकारी नई दिल्ली से अपने-अपने देशों के लिए रवाना हुए। इनमें बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्त नदायिशिमिये और उनकी पत्नी एंजेलिन नदायिशिमिये, नाइजीरिया की विदेश मंत्री बियांका ओडुमेग्वु-ओजुक्वु, बुरुंडी के विदेश मंत्री एडवर्ड बिजिमाना, ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा और विश्व व्यापार संगठन (WTO) की महानिदेशक नगोजी ओकोंजो-इवेला शामिल रहीं।
इससे पहले रविवार को दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री सिहासक फुआंगकेटकेव, फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर और बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिजेंकोव भी नई दिल्ली से रवाना हो गए थे।
PM मोदी ने की कई अहम द्विपक्षीय बैठकें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार दोपहर भारत मंडपम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात कर अपना कूटनीतिक कार्यक्रम शुरू किया। इसके बाद शुक्रवार शाम उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।
शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद हाउस में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इसके बाद उन्होंने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग के साथ भी बातचीत की।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने भारत मंडपम में BRICS सदस्य देशों के नेताओं का स्वागत किया। सम्मेलन के दौरान 'समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करना' विषय पर बंद कमरे में आयोजित सत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधन दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS नेताओं के साथ 'भारत इनोवेट्स' प्रदर्शनी का भी दौरा किया। इसके बाद पारंपरिक फैमिली फोटो सेशन और भारत मंडपम के लॉन में पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक भी हुई। दिन का समापन विदेशी मेहमानों के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज के साथ हुआ।
रविवार को भी जारी रहा बैठकों का दौर
रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS पार्टनर देशों और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के नेताओं के साथ बातचीत की। उन्होंने फैमिली फोटो सेशन में हिस्सा लिया और 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता: समावेशी वैश्विक विकास के लिए भविष्य का निर्माण' विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित किया।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार कई द्विपक्षीय बैठकें कीं। उन्होंने कजाकिस्तान के प्रधानमंत्री कासिम-जोमार्ट टोकायेव, फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्त नदायिशिमिये, नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टीमा और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ मुलाकात की।
BRICS के मुख्य सत्रों के साथ-साथ आउटरीच और BRICS प्लस डायलॉग में शामिल नेताओं और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रमुखों के साथ भी प्रधानमंत्री मोदी ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान भारत की कूटनीतिक सक्रियता और वैश्विक मंच पर उसकी भूमिका प्रमुखता से सामने आई।