कुछ आवाज़ें समय के साथ पुरानी नहीं होतीं, बल्कि हर पीढ़ी के दिलों में हमेशा गूंजती रहती हैं। आप आज भी अचानक “पिया तू अब तो आजा” या “दम मारो दम” चला दें, तो वही एहसास और वही जोश महसूस होता है। यही थी आशा भोसले की खासियत—बेमिसाल, सहज और हमेशा दिलों में बस जाने वाली। यहां तक कि आज की Gen Z भी उनके गानों पर थिरकने से खुद को रोक नहीं पाती।
वो कभी चुलबुली लगती थीं, कभी मोहक, कभी बेहद भावुक और कभी पूरी तरह मॉडर्न—और यही उनकी असली ताकत थी। ग़ज़लों से लेकर डांस नंबर तक, आशा भोसले ने हिंदी सिनेमा को ऐसे गीत दिए जो हमेशा याद किए जाएंगे। अब जब यह महान गायिका हमारे बीच नहीं रहीं, तो उनके गानों को सुनना और भी भावुक कर देता है। आइए एक नजर डालते हैं उनके 10 ऐसे गानों पर, जिन्हें फैंस आज भी भूल नहीं पाए हैं—
1. इन आंखों की मस्ती के

फिल्म ‘उमराव जान’ का यह गीत उनकी सबसे खूबसूरत प्रस्तुतियों में से एक है। खय्याम के संगीत और रेखा पर फिल्माए गए इस गीत में शालीनता और गहराई झलकती है।
2. पिया तू अब तो आजा

फिल्म ‘कारवां’ का यह गाना आज भी अपनी ऊर्जा और बोल्ड अंदाज के लिए मशहूर है। यह आशा जी के एक्सपेरिमेंट करने के जज़्बे को दिखाता है।
3. ओ मेरे सोना रे

‘तीसरी मंजिल’ का यह रोमांटिक गीत मोहम्मद रफी के साथ उनका खूबसूरत डुएट है, जो आज भी ताजगी से भरा लगता है।
4. दम मारो दम

‘हरे रामा हरे कृष्णा’ का यह गाना एक दौर की पहचान बन गया था। इसका अलग अंदाज आज भी युवाओं को आकर्षित करता है।
5. चुरा लिया है तुमने

‘यादों की बारात’ का यह गीत हिंदी सिनेमा के सबसे प्यारे रोमांटिक गानों में से एक है, जिसकी धुन और आवाज आज भी दिल को छू जाती है।
6. अभी ना जाओ छोड़कर

‘हम दोनों’ का यह सदाबहार गीत बिछड़ने के दर्द को बेहद खूबसूरती से बयां करता है।
7. दो लफ्जों की है दिल की कहानी

‘द ग्रेट गैम्बलर’ का यह गीत वेनिस की खूबसूरत लोकेशन पर फिल्माया गया और आज भी उतना ही ताजा लगता है।
8. ओ हसीना जुल्फों वाली

‘तीसरी मंजिल’ का यह हाई-एनर्जी गाना अपने म्यूजिक और डांस के लिए आज भी मशहूर है।
9. एक मैं और एक तू

‘खेल खेल में’ का यह गीत युवाओं के बीच आज भी काफी पसंद किया जाता है।
कुछ कलाकार एक दौर के लिए जाने जाते हैं, लेकिन आशा भोसले हर दौर में याद की जाएंगी। मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका निधन हो गया, जहां उन्हें थकान और सीने में संक्रमण के कारण भर्ती कराया गया था। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।