Breaking News

चक्रवात मुरासु के कारण आंध्र प्रदेश में उखड़े पेड़     |   यूपी में आज बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा     |   जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में भूकंप के झटके, 3.1 रही तीव्रता     |   'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ सड़कों पर उतरेगी BJP, यूपी के 6 क्षेत्रों में पदयात्रा     |   ट्रंप प्रशासन को SC से झटका, कैलिफोर्निया के 20 हजार बैलेट गिनने पर रोक की मांग खारिज     |  

यमुना एक्सप्रेसवे पर 15 दिसंबर से वाहनों की रफ्तार पर लगेगी लगाम

नोएडा को आगरा से जोड़ने वाला 165 किलोमीटर लंबा यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा से ग्रेटर नोएडा को जोडने वाले एक्सप्रेसवे पर 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक कोहरे की आशंका के चलते भारी व हल्के वाहनों की रफ्तार कम की जाएगी। विजिबिलिटी कम होने के चलते रफ्तार घटाई जाएगी और उल्लंघन करने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी। यमुना विकास प्राधिकरण इसे लेकर निर्देश तैयार कर रहा है। इसे लागू करने के लिए एक्सप्रेसवे प्रबंधन को जारी किया जाएगा।  
 
हर साल की तरह बढ़ती ठंड और कोहरे के प्रभाव को देखते हुए 15 दिसंबर से यमुना एक्सप्रेस वे पर हल्के और भारी वाहनों के लिए नई स्पीड लिमिट तय कर दी गई है। हल्के वाहन के लिए अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटा, वहीं भारी वाहन के लिए अधिकतम 60 किलोमीटर प्रति घंटा है। सर्दियों में कोहरा होने के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी कम हो जाती है, जिससे वाहन चलाना मुश्किल हो जाता है। ठंड के कारण सड़कों पर फिसलन भी रहती है, जिससे दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट कम करने की योजना बनाई जा रही है। 
 
इसके अलावा एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग के लिए गाड़ियों की संख्या 11 से बढ़ाकर 15 कर दी गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए छह एम्बुलेंस, छह क्रेन और छह दमकल गाड़ियां तैनात की गई हैं। वहीं वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप चिपकाने के लिए अभियान चल रहा है। ओवरलोड वाहनों पर नकेल कसने के लिए जीरो पॉइंट से जेवर टोल पर दोनों तरह चार चार टीमें तैनात की गई हैं, जोकि किनारों पर खड़े वाहनों व ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसेंगी। गति सीमा से ज्यादा रफ्तार भरने वाले हल्के वाहनों पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगेगा। वहीं, भारी वाहनों पर 4,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।