Breaking News

चक्रवात मुरासु के कारण आंध्र प्रदेश में उखड़े पेड़     |   यूपी में आज बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा     |   जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में भूकंप के झटके, 3.1 रही तीव्रता     |   'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ सड़कों पर उतरेगी BJP, यूपी के 6 क्षेत्रों में पदयात्रा     |   ट्रंप प्रशासन को SC से झटका, कैलिफोर्निया के 20 हजार बैलेट गिनने पर रोक की मांग खारिज     |  

दीपोत्सव पर रामायण के प्रसंगों से सजेगी अयोध्या, दीवारों पर दिखेगी त्रेता युग की झलक

दसवें दीपोत्सव-2026 को यादगार बनाने के लिए रामनगरी को भव्य और दिव्य रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप अयोध्या की दीवारों पर भगवान श्रीराम के जीवन और रामायण के प्रमुख प्रसंगों को चित्रों के जरिए जीवंत किया जा रहा है। अयोध्या नगर निगम की ओर से रामकथा पार्क से लेकर लता मंगेशकर चौक तक दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी कराई जा रही है।

इन चित्रों में भगवान श्रीराम, माता सीता और रामायण के अन्य प्रमुख पात्रों के साथ पारंपरिक दीपों की आकृतियां भी बनाई जा रही हैं। इसका उद्देश्य दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराना है।

दीवारों पर दिखेंगे रामायण के प्रसंग

नगर निगम की ओर से सार्वजनिक दीवारों पर रामायण के प्रसंगों के साथ 'दीपोत्सव अयोध्या-2026' का संदेश भी उकेरा जा रहा है। रात में रोशनी के बीच ये कलाकृतियां शहर की सुंदरता को और बढ़ाएंगी। कलाकार रंगों और कूची के माध्यम से रामकथा को दीवारों पर साकार कर रहे हैं।

नई पीढ़ी तक पहुंचेगी रामायण की विरासत

दीपोत्सव में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए अयोध्या को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। इन चित्रों के जरिए नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, उनके जीवन और मर्यादा के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। नगर निगम का प्रयास है कि अयोध्या पहुंचने वाले लोगों को शहर के हर हिस्से में रामनगरी की सांस्कृतिक पहचान दिखाई दे।

पूरी अयोध्या को राममय बनाने की तैयारी

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि दसवां दीपोत्सव अयोध्या के लिए विशेष महत्व रखता है। इसे भव्य और यादगार बनाने के लिए प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। रामकथा पार्क और लता मंगेशकर चौक के आसपास रामायण के प्रसंगों और दीपों की कलाकृतियां बनाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शहर को सजाना नहीं, बल्कि चित्रों के माध्यम से अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करना है। दीपों की जगमगाहट, रामायणकालीन चित्रकारी और आकर्षक सजावट के साथ अयोध्या दसवें दीपोत्सव के स्वागत के लिए तैयार हो रही है।