आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को अपने आवास पर जनता दर्शन का आयोजन किया। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे सैकड़ों फरियादियों ने अपनी समस्याएं उपमुख्यमंत्री के सामने रखीं। ब्रजेश पाठक ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर मामलों में पात्रता और नियमानुसार जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन में इलाज, आर्थिक सहायता, पुलिस, राजस्व, भूमि विवाद और पारिवारिक मामलों समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज किया जाए और उनके निस्तारण की प्रभावी निगरानी की जाए। जिन मामलों में कई विभागों के बीच समन्वय की जरूरत है, वहां आपसी तालमेल से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि फरियादियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं और नियमों के तहत मिलने वाली सहायता में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की नियमित समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर फरियादियों को की गई कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश भी दिए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दर्शन सरकार और आमजन के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। शासन की योजनाओं और व्यवस्थाओं का लाभ तभी लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंच सकता है, जब उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना जाए और समयबद्ध कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। प्रत्येक फरियादी की शिकायत पर पात्रता और नियमानुसार न्यायसंगत, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए शासन-प्रशासन लगातार काम कर रहा है। जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उनके प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
