अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह की तस्वीरें और वीडियो दुनियाभर तक पहुंचाने के लिए हाईटेक मीडिया सेंटर तैयार किया जा रहा है। यहां पत्रकारों को कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, स्टेशनरी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
दीपावली के अवसर पर 5 से 7 नवंबर तक अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन होगा। इसका मुख्य कार्यक्रम 7 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के विशिष्ट अतिथि, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि शामिल होंगे।
मीडिया कवरेज के लिए विशेष इंतजाम
दीपोत्सव की व्यापक और व्यवस्थित मीडिया कवरेज के लिए उत्तर प्रदेश सरकार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग जिला प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहा है। पत्रकारों के प्रवेश, कवरेज, आवागमन, जलपान और भोजन से लेकर फोटो-वीडियो कवरेज तथा सोशल मीडिया प्रचार तक की व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके लिए अलग-अलग कार्यक्रम स्थलों पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो मीडिया प्रतिनिधियों के साथ समन्वय करेंगे।
अलग-अलग कार्यक्रम स्थलों पर तैनात किए गए अधिकारी
शोभायात्रा के प्रारंभ स्थल साकेत महाविद्यालय में सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती और जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन जिम्मेदारी संभालेंगे। हेलीपैड पर उप निदेशक अनुराग प्रसाद और सूचना अधिकारी प्रवीण मालवीय तैनात रहेंगे।
रामकथा पार्क और मुख्य मंच पर उप निदेशक आत्रेय मिश्रा तथा सूचना अधिकारी अमित शुक्ला मीडिया समन्वय करेंगे। वहीं, नया घाट, सरयू आरती स्थल और पुल पर सूचना अधिकारी महेंद्र कुमार तथा अनुवादक आशीष सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। राम की पैड़ी पर सूचना अधिकारी लाल कमल और क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी मयंक तिवारी मीडिया प्रतिनिधियों से समन्वय करेंगे।
लखनऊ से आने वाले पत्रकारों के लिए भी व्यवस्था
मीडिया प्रतिनिधियों को लखनऊ से कार्यक्रम स्थल तक लाने और कार्यक्रम के बाद वापस पहुंचाने की जिम्मेदारी सहायक निदेशक चंद्र विजय वर्मा और अपर जिला सूचना अधिकारी आनंद सिंह को सौंपी गई है।
जलपान और भोजन की व्यवस्था के लिए सहायक निदेशक अमित यादव तथा वरिष्ठ सहायक आनंद मिश्रा समन्वय करेंगे। इसके अलावा फोटो और फिल्म कवरेज के लिए विशेष टीम तैनात रहेगी, जो कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो तैयार कर ऑनलाइन उपलब्ध कराएगी। सोशल मीडिया और यूट्यूब के लिए भी अलग टीम बनाई गई है, जो कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारी तत्काल साझा करेगी।
धर्मपथ पर बनाया गया अस्थायी मीडिया सेंटर
पत्रकारों की सुविधा के लिए धर्मपथ पर हनुमान गुफा के सामने नगर निगम पार्किंग ग्राउंड में अस्थायी मीडिया सेंटर बनाया गया है। यहां कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, स्टेशनरी सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मीडिया वाहनों की पार्किंग के लिए फटिक शिला स्थल निर्धारित किया गया है। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने पत्रकारों से सुरक्षा व्यवस्था, निर्धारित मीडिया जोन, प्रवेश पास और पार्किंग संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि दीपोत्सव की कवरेज सुचारु रूप से हो सके।