यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 25 वर्षों की विकास यात्रा और भविष्य की योजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। 25 से 29 सितंबर तक एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित ट्रेड शो के हॉल नंबर-3 में यीडा के स्टाल पर वर्तमान विकास परियोजनाओं के साथ भविष्य के औद्योगिक और शहरी विकास की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
2041 के मास्टर प्लान का मॉडल आकर्षण
यीडा के स्टाल पर वर्ष 2041 के प्रथम चरण के मास्टर प्लान का मॉडल प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। इस मॉडल में प्राधिकरण के विभिन्न सेक्टरों, औद्योगिक क्षेत्रों और कनेक्टिविटी नेटवर्क को दिखाया गया है। इसके अलावा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है, जो क्षेत्र में विकसित हो रहे परिवहन और लॉजिस्टिक नेटवर्क की तस्वीर प्रस्तुत करता है।
स्टाल पर पोस्टरों के माध्यम से पिछले एक वर्ष में हुए प्रमुख औद्योगिक आवंटनों और प्राधिकरण क्षेत्र में आए निवेश की जानकारी भी दी जा रही है। इंटरनेशनल फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइसेज पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, लॉजिस्टिक पार्क और हेरिटेज सिटी जैसी परियोजनाओं को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।
जापान, कोरिया और सिंगापुर सिटी की भी झलक
भविष्य की योजनाओं में जापान सिटी सेक्टर-5ए, कोरियन सिटी सेक्टर-4ए और सिंगापुर सिटी सेक्टर-7 को शामिल किया गया है। इसके अलावा ताइवान सिटी सेक्टर-6, प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेडियम सेक्टर-23डी, आईएसबीटी सेक्टर-23सी और सेक्टर-13 व 14 में प्रस्तावित मेडिकल हब की योजनाएं भी स्टाल पर दिखाई गई हैं।
उद्योगपतियों और निवेशकों को दी जा रही जानकारी
ट्रेड शो के पहले दिन औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने यीडा के स्टाल का उद्घाटन किया और विकास मॉडल व प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने उद्योगपतियों से संवाद कर प्राधिकरण की विभिन्न परियोजनाओं और निवेश के अवसरों की जानकारी दी।
शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव, उद्योग विभाग एवं यीडा के अध्यक्ष आलोक कुमार ने भी स्टाल का भ्रमण किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार भी मौजूद रहे। यीडा का स्टाल ट्रेड शो में आने वाले उद्योगपतियों, निवेशकों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रदर्शनी में यीडा क्षेत्र के औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और प्रस्तावित परियोजनाओं को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है।