उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को गाजीपुर के लंका मैदान में ‘सेवा संकल्प स्वास्थ्य अभियान-2026’ का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत यह तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। स्वास्थ्य अभियान 26 से 28 सितंबर तक चलेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने प्रदेश में बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सरकार के कामकाज का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले की तुलना में उत्तर प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं और कानून-व्यवस्था में बदलाव आया है।

2017 से पहले की स्थिति पर साधा निशाना

ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज प्रदेश में बिजली, पानी, सड़क और इलाज की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में ‘एक जिला-एक माफिया’ का राज था और घर-जमीनों पर अवैध कब्जे होते थे।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है और देश-विदेश के निवेशक उत्तर प्रदेश में संभावनाएं देख रहे हैं। उन्होंने आने वाले चुनाव में जनता से विकास के आधार पर मतदान करने की अपील भी की।
युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का दावा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए नागरिकों और युवाओं को जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है। गरीबों, युवाओं, किसानों और वंचित वर्गों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और स्वास्थ्य शिविर जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। युवा सेवा यात्री गांवों और विभिन्न समुदायों में जाकर लोगों से संवाद भी कर रहे हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर

ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। सरकारी अस्पतालों में बेहतर उपचार के साथ आधुनिक जांच और चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। गाजीपुर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों की ओर से निःशुल्क ओपीडी, स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा दी जा रही है।
अमृत फार्मेसी और सीटी स्कैन सुविधा शुरू

उपमुख्यमंत्री ने महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोरा बाजार के 300 शैय्यायुक्त चिकित्सालय में अमृत फार्मेसी, मॉड्यूलर ओटी परिसर और सीटी स्कैन सुविधा का शुभारंभ किया।
इन सुविधाओं से स्थानीय स्तर पर मरीजों को दवाओं के साथ आधुनिक जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध होने की बात कही गई। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की और मरीजों को समयबद्ध एवं सुगम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, वरिष्ठ भाजपा नेता अभिनव सिन्हा, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज कुशवाहा, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।