भाजपा नेता संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सनातन धर्म और मंदिरों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव खुद पर्दे के पीछे रहकर अपने नेताओं से इस तरह के बयान दिलवा रहे हैं। संगीत सोम ने कहा कि एसटी हसन और राजकुमार भाटी के विवादित बयानों के पीछे अखिलेश यादव की सोच है।
राम मंदिर को लेकर एसटी हसन के बयान पर पलटवार करते हुए संगीत सोम ने कहा कि क्या सपा नेता का मतलब यह है कि दीपावली के बाद अयोध्या में राम मंदिर गिरा दिया जाएगा? उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब रामभक्तों की सरकार है। यहां उन लोगों का शासन नहीं है, जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और लाठियां बरसाईं।
अयोध्या की तरह मथुरा में भी बनेगा भव्य मंदिर
भाजपा नेता ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है और अब मथुरा में भी इसी तरह भव्य मंदिर बनेगा। वहां भी दीपोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का सांस्कृतिक विकास पसंद नहीं आ रहा है। संगीत सोम ने सपा प्रमुख पर सनातन धर्म और भगवान श्रीराम व श्रीकृष्ण से नफरत करने का आरोप भी लगाया।